Noida International Airport पूजा-अर्चना के बाद काम शुरू, अपर मुख्य सचिव एसपी गोयल ने ट्वीट कर दी जानकारी

Noida International Airport जेवर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस प्रोजेक्ट के शिलान्यास की तिथि जल्द घोषित होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका शिलान्यास करेंगे।

विजय मिश्रा (उदय भूमि ब्यूरो)
ग्रेटर नोएडा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। एयरपोर्ट साइट पर समतलीकरण का काम शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह ड्रीम प्रोजेक्ट है। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड की निगरानी में निर्माण एजेंसी के अफसरों ने प्रोजेक्ट साइट पर पूजा-अर्चना कर कार्य शुरू कर दिया। इस प्रोजेक्ट के शिलान्यास की तिथि जल्द घोषित होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका शिलान्यास करेंगे।

जेवर एयरपोर्ट को धरातल पर उतारने के लिए केंद्र एवं उप्र सरकार काफी गंभीर है। इस विश्वस्तरीय प्रोजेक्ट की निगरानी खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर रहे हैं। वह समय-समय पर प्रोजेक्ट की प्रगति की बावत जानकारी लेते रहते हैं। इस बीच विकास कर्ता कंपनी ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल (एजी) की स्पेशल परपज व्हीकल कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड काम करेगी। सोमवार को चंद्र प्रकाश इंजीनियरिंग (सीपीई) कंपनी साइट पर पहुंच गई है। कंपनी ने अपनी सारी मशीनरी भी पहुंचा दी है। इसके अलावा किशोरपुर गांव के पास अपना अस्थाई दफ्तर भी बना लिया है। वाईआईएपीएल भी अपना स्थाई दफ्तर यहां बना रही है। सोमवार को कर्मचारियों ने साइट पर नारियल नारियल फोड़ कर काम शुरू कर दिया। नगला छीतर गांव के पास समतलीकरण का काम शुरू हो गया है। अब धीरे-धीरे काम में तेजी आएगी। सबसे पहले यहां एयरपोर्ट की चारदीवारी, वाईआईएपीएल का दफ्तर और एटीसी की बिल्डिंग बनाई जाएगी।

6 गांवों की 1334 हेक्टेयर भूमि का हुआ अधिग्रहण

एयरपोर्ट प्रोजेक्ट का शिलान्यास अगले माह होने की प्रबल संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा इस प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी जाएगी। शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियां भी जोरों पर चल रही हैं। सिर्फ तिथि फाइनल होने का इंतजार है। एयरपोर्ट के पहले चरण के लिए 6 गांवों की 1334 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया है। यह भूमि ग्राम रोही, परोही, दयानतपुर, बनबारीवास, रन्हेरा व किशोरपुर की है। प्रोजेक्ट से प्रभावित 3 हजार से ज्यादा परिवारों को जेवर बांगर में बसाया जा चुका है।

यह भी पढ़े: Noida International Airport – हकीकत में बदलेगा ड्रीम प्रोजेक्ट

एसपी गोयल ने ट्वीट कर दी जानकारी उत्तर प्रदेश सरकार के अपर प्रमुख सचिव एसपी गोयल ने ट्वीट कर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर निर्माण उपकरण पहुंचने और श्रमिकों के द्वारा जमीन के समतलीकरण का कार्य शुरू किए जाने को लेकर जानकारी दी। अपर मुख्य सचिव ने ट्विटर पर लिखा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, जेवर की साइट पर निर्माण उपकरण पहुंचे और आज सुबह सफाई और ग्रबिंग गतिविधियां शुरू हुईं। प्रोजेक्ट का अगला चरण शुरू होता है। उन्होंने निर्माण साइट की कुछ तस्वीरें भी ट्विटर पर पोस्ट की।

यह भी पढ़े: मुख्यमंत्री योगी के ड्रीम प्रोजेक्ट नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का जल्द होगा शिलान्यास

2023-24 से शुरू होगी हवाई सेवाओं की शुरुआत

अब अधिग्रहित भूमि को समतल कर निर्माण कार्य के लिए तैयार किया जाना है। जेवर एयरपोर्ट के पहले चरण में करीब 5730 करोड़ रुपए व्यय होने का अनुमान है। यहां से 2023-24 से हवाई सेवाओं की शुरुआत हो सकेगी। उधर, नियाल के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया के मुताबिक जेवर एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित भूमि की साफ-सफाई, समतलीकरण आदि कार्य आरंभ कराया गया है। इसके बाद चारदीवारी के निर्माण का काम कराया जाएगा। शिलान्यास कार्यक्रम की तिथि जल्द तय हो जाएगी।

यह भी पढ़े: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे जेवर एयरपोर्ट का शिलान्यास

एयरपोर्ट से यमुना नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की होगी कमाई

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर की कमाई से जनपद गौतमबुद्ध नगर के तीनों प्राधिकरण का आर्थिक संकट भी दूर हो सकेगा। यह कमाई सालाना एक लाख करोड़ रुपए से ज्यादा होने की संभावना है। एयरपोर्ट पर 2024 से हवाई उड़ान का परिचालन शुरू हो जाएगा। एयरपोर्ट डेवलप करने वाली कंपनी को 40 साल का कांन्ट्रेक्ट मिला है। पहले 7 साल तक कंपनी अपनी लागत वसूल करेगी। इसके बाद होने वाली कमाई में प्रदेश सरकार, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी को भी हिस्सा मिलेगा।

प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण परियोजना को समय पर पूरा कराया जाएगा। साइट पर समतलीकरण का काम शुरू हो गया है। इसके लिए कंपनी के सभी स्टाक होल्डरों को बधाई।
डॉ अरुणवीर सिंह, सीईओ नियाल