-शाम होते ही बैरियर लगाकर होगी चेकिंग, संदिग्धों पर रहेगी पुलिस की नजर
गाजियाबाद। आपराधिक घटनाओं को रोकने और अपराधियों की कमर तोडऩे के लिए अब शाम होते ही पुलिस ने जगह-जगह बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी है। एसएसपी पवन कुमार के निर्देश पर शाम होते ही अब बैरियर लगाकर पुलिस चेकिंग कर रही है। शहर के मुख्य चौराहों, सर्राफा मार्केट, व्यापारी प्रतिष्ठान, बाजार, बस अड्डा आदि इलाकों में पुलिस ने चेकिंग की। वहीं, पैदल गश्त करते हुए मोटरसाइकिल सवार, कार सवारों को चेकिंग करने के बाद ही जाने दिया। जिले में बढ़ती लूट, चोरी, चेन स्नेचिंग की वारदाताओं को काबू करने के लिए एसएसपी पवन कुमार ने सभी थाना क्षेत्रों में चेकिंग करने और अपराधियों को पकडऩे के निर्देश दिए है। पुलिसकर्मियों से वाहनों के साथ चल रहे संदिग्धों की चेकिंग के निर्देश दिए जाने के बाद अब बदमाशों को पकडऩे के लिए यह कवायद शुरू की गई हैं। उन्होंने सभी को स्पष्ट किया है कि पुलिस का काम अपराधों पर रोक लगाना है, वाहनों के चालान करना नहीं।
इस अभियान को प्रभावी तरीके से चलाकर अपने क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग करते हुए संदिग्ध एवं बदमाशों की धरपकड़ करें। एसएसपी पवन कुमार ने जिले के सभी एसपी,एएसपी,सीओ,थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी समेत पुलिसकर्मियों को वायरलेस के माध्यम से बैठक करते हुए उन्हें ब्रीफ किया। एसएसपी ने कहा कि यदि वाहन चालकों की तरीके से चेकिंग हो तो वह किसी भी वारदात को अंजाम नहीं दे पाएंगे। वाहन चालकों की चेकिंग के साथ उनके दस्तावेज की जांच हो और वाहन व उनकी तलाशी भी ली जाए। ऐसा होने से अपराध में अपने आप कमी आएगी और बदमाश पकड़े भी जाएंगे।रोजाना अपने-अपने क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया जाए। एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि थाना-चौकी पर पंचायत लगाने वालों की खैर नहीं होगी। पुलिसकर्मियों का काम अपराध रोकना है न कि थानों व चौकियों में बैठकर विवाद सुलझाना है। एसएसपी ने सीओ एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि थानों से संबंधित मामले थानों में ही निपटाए जाए। यदि किसी प्रकरण में मुकदमा दर्ज है तो उसकी विवेचना निष्पक्ष रूप से की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि किसी थाने-चौकी पर पंचायत जुटाने की खबर मिली या विवेचना में विवेचनाधिकारी की विशेष रुचि दिखाई दी तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
















