सड़क एवं नाला निर्माण कार्य का मेयर ने किया शुभारंभ

-30 साल से नरकीय जीवन यापन करने को मजबूर थे महरौली गांव के निवासी

गाजियाबाद। नगर निगम के वार्ड नंबर-24 के अंतर्गत महरौली गांव में सड़क एवं नाला निर्माण का काम कराया जाएगा। इन कार्यों पर करीब 50 लाख रुपए खर्च होंगे। मेयर आशा शर्मा ने सोमवार को सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। महरौली में राजेंद्र के मकान से लीला के मकान होकर नरेश के मकान तक नाली एवं इंटर लॉकिंग टायल का कार्य मेयर आशा शर्मा द्वारा शुरू कराया गया, जिसकी लागत लगभग 29 लाख रुपए है। यह कार्य लगभग 30 वर्ष पहले कराया गया था। उसके बाद स्थानीय नागरिकों के आग्रह पर उक्त रास्ते का निर्माण शुरू कराया गया है। ग्रामीणों ने नगर निगम कार्यालय में जाकर मेयर का आभार भी जताया है। इस दौरान बताया गया कि 30 साल से यहां रहने वाले लोगों के घरों में पानी भर जाता था। रास्ते से निकलने पर काफी मुश्किल होती थी, मगर अब समस्या का समाधान हो रहा है। जिसके लिए हम आभारी है। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि गांव में तालाब ओवरफ्लो होने के कारण गांव में जलभराव हो रहा है। पम्प लगाकर पानी निकलवाया जाता है, मगर यह समस्या का समाधान नहीं है। इस पर संज्ञान लेकर मेयर ने तत्काल प्रभाव से अधिकारियों को तालाब के जल निकासी हेतु नाला निर्माण एवं सडक़ निर्माण करने के निर्देश दिए। जिसकी लागत लगभग 50 लाख होगी। इस कार्य के होने से गांव में जलभराव नहीं होगा और जनता को राहत मिलेगी। इस मौके पर अक्षय चौधरी, राजवीर शर्मा, सुशील शर्मा, विनीत शर्मा, सेंसर चौधरी, रामभूल चौधरी, अर्जुन शर्मा, नरेश पाल चौधरी, दीपक भारद्वाज, पवन गौतम, हरबंश तेवतिया, मनोज चौधरी, चतर पाल चौधरी आदि मौजूद रहे।