महिला थाने का निरीक्षण करने पहुंचे नोडल अधिकारी

गाजियाबाद। जनपद के नोडल अधिकारी डॉ. सेंथिल पांडियन सी सोमवार को महिला थाने का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से संबंधित आपराधिक मामलों में तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ लंबित विवेचनाओं का निपटारा तत्काल किए जाने पर जोर दिया। लोहिया नगर स्थित महिला थाने का औचक निरीक्षक करने पहुंचे नोडल अधिकारी डॉ. सेंथिल के साथ जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल एवं सीओ आलोक दुबे आदि मौजूद रहे।

उन्होंने कहा कि महिला थाने में आने वाली पीड़ित महिलाओं के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए। लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने को महिला थाना प्रभारी निरीक्षक किरण राज को निर्देशित किया। नोडल अधिकारी ने महिला थाना प्रभारी के कक्ष में बैठककर महिलाओं से संबंधित केस की जानकारी ली। वहीं,काउंसिलिंग के जरिए वादों का निस्तारण और समझौते के आधार पर परिवार परामर्श केंद्र का भी जायजा लिया। जिले के नोडल अधिकारी को महिला थाना प्रभारी किरण राज ने अवगत कराया कि वर्ष-2019, 20 और 2021 तक के महिला थाने में 178 मामले महिलाओं के लंबित चल रहे है। इनमें निस्तारण करने के लिए कार्रवाई की जा रही है।

संभागीय परिवहन कार्यालय का भी निरीक्षण

उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि महिलाओं से सौहार्दपूर्ण व्यवहार करते हुए लंबित मामलों का जल्द निस्तारण कराया जाए। ताकि महिलाओं के चल रहे मामलों का निस्तारण कर उन्हें राहत दी जा सके। महिला थाने के बाद नोडल अधिकारी पांडियन सी बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित जिला संभागीय परिवहन कार्यालय में भी औचक निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। नोडल अधिकारी ने आरटीओ अरूण कुमार, एआरटीओ प्रशासन विश्वजीत प्रताप सिंह आदि अधिकारियों से वाहनों के रजिस्टे्रशन,लंबित मामलों के निस्तारण की प्रगति आख्या की जानकारी ली। उन्होंने आरटीओ को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि वाहनों के रजिस्ट्रेशन से संबंधित मामलों में कोताही न बरती जाए। वहीं, वाहनों के परमिट, नवीनीकरण आदि कार्यों का भी समय पर पूरा करते हुए लाभान्वित किया जाए।