अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, सौंपा ज्ञापन
उदय भूमि संवाददाता
बेंगलुरू। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र ने बुधवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई से मुलाकात की। इस दरम्यान विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। कर्नाटक में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड गठित करने के संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा गया। सभी बिंदुओं पर सीएम ने सकारात्मक रूख अपनाया।
अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र बुधवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू पहुंचे। वहां उन्होंने मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई से मुलाकात की। बोम्मई के सीएम बनने के बाद ब्राह्मण समाज के कद्दावर नेता की यह पहली मुलाकात थी। इस दौरान उन्होंने सीएम के समक्ष कई जरूरी मुद्दों को उठाया। दरअसल कर्नाटक में कुछ मंदिर तोड़े जाने के बाद से जनता में जबरदस्त आक्रोश है। सरकार की कार्यप्रणाली से नागरिक काफी नाराज हैं। इसके चलते कर्नाटक की विधान सभा में 2 दिन पहले सरकार ने धार्मिक संरचना संरक्षण बिल को मंजूरी दी है। इस बिल से धार्मिक स्थलों को संरक्षित करने में मदद मिलेगी।
जनाक्रोश को ध्यान में रखकर यह बिल विधान सभा में पास कराया गया है। ब्राह्मण महासभा के महामंत्री तरुण मिश्र ने इस बिल को मंजूर कराए जाने पर मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई का आभार जताया। इस बीच उन्होंने सीएम बोम्मई को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कर्नाटक में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड गठित करने की मांग की गई है। तरुण मिश्र का कहना है कि इस बोर्ड के गठित होने से कर्नाटक में ब्राह्मणों के हितों की भी रक्षा हो सकेगी। इन सभी बिंदुओं पर सीएम ने सकारात्मक रूख अपनाया।
















