गुर्जर ठाकुर विवाद को हवा देने में लगे समाज के तथाकथित ठेकेदारों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी बात कही। दादरी में सम्राट मिहिर भोज की जाति को लेकर CM योगी ने कहा कि हम सबके मन में महापुरुषों के प्रतिआदर का भाव होना चाहिए। किसी भी महापुरुष को जातीय दायरे में नहीं रखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में गुलामी का कारण एक ही था क्योंकि हम अलग-अलग थे। हम जाति के बंधन में बंधे थे। हम संप्रदाय के बंधन में बंधे थे। कोई भी विदेशी आक्रांता आता था, वो हमारी बहू-बेटियों के साथ छेड़छाड़ करता था।
ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा का अनावरण कर दिया। इस प्रतिमा के अनावरण से पहले काफी घमासान देखने को मिला था, मगर सीएम योगी आदित्यनाथ के आने के बाद सभी विवाद एकाएक शांत हो गए। बेहद अच्छे माहौल में सीएम ने प्रतिमा का अनावरण कर सकारात्मक संदेश भी दिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों विभिन्न जिलों के दौरे पर हैं। इसी क्रम में बुधवार को वह गौतमबुद्ध नगर पहुंचे।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा के दादरी में सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा का अनावरण किया। हालांकि उनके दौरे से पहले से ही मिहिर भोज के वंशज होने का दावा करने वाले राजपूतों और गुर्जरों में गतिरोध बुधवार को भी जारी रहा। यहां सीएम योगी ने जनसभा को भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में गुलामी का कारण एक ही था क्योंकि हम अलग-अलग थे। हम जाति के बंधन में बंधे थे। हम संप्रदाय के बंधन में बंधे थे। कोई भी विदेशी आक्रांता आता था, वो हमारी बहू-बेटियों के साथ छेड़छाड़ करता था।
सीएम ने कहा कि 2017 से पहले कोई कांवड़ यात्रा नहीं निकलने दी जाती थी। दुर्गा पूजा का त्योहार नहीं मनाने दिया जाता था। तब कोई विदेशी आक्रमणकारी तो यहां शासन नहीं कर रहा था, मगर आज की स्थिति बदली है। आज सभी व्यवस्था हो रही है। 2017 में हमारी सरकार बनने के तुरंत बाद अवैध बूचड़खाने को बंद करा दिया गया। बहन-बेटियों की सुरक्षा को सुनिश्चित किया गया।
आनन-फानन में उठाया कदम
दादरी में सीएम के आने से पहले सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा के नीचे लगी पट्टिका पर गुर्जर शब्द किसी ने मिटा दिया था। इस बात के सामने आते ही प्रशासन में एकाएक हड़कंप मच गया और आनन-फानन दोबारा उसे लिखवाया गया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर माहौल बिगाड़ने की किसने कोशिश की। उसके विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अब गुंडाराज नहीं, विकास की बात
इंडिया एक्सपो सेंटर और मार्ट ग्रेटर नोएडा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उप्र के एनसीआर क्षेत्र में अब विकास की बात होती है। पहले जहां गुंडाराज था, वहां अब निर्यात और निवेश का माहौल है। मुख्यमंत्री वहां एक निजी कार्यक्रम में आए थे। एनसीआर विषय पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा की जेवर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से पूरे प्रदेश ही नहीं अन्य राज्यों को भी लाभ होगा। उधर, यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में फिल्म सिटी का फायदा उत्तर भारत तक होगा। इससे रोजगार और विकास के नए आयाम बनेंगे।
















