गाजियाबाद। नगर निगम कॉन्टैक्टर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को नगर निगम के लेखाधिकारी राजेश गौतम से मुलाकात की। इस दौरान ठेकेदारों के भुगतान संबंधी समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। भुगतान में देरी के कारण ठेकेदारों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पुराने काम समय से पूरे नहीं हो पा रहे हैं। जबकि नए कार्यों की टेंडर प्रक्रिया में वह हिस्सेदारी लेने से कतरा रहे हैं। लेखाधिकारी ने ठेकेदारों के प्रतिनिधिमंडल को जल्द भुगतान का आश्वासन दिया।
गाजियाबाद नगर निगम कॉन्टैक्टर एसोसिएशन के महामंत्री सतवीर चौधरी के नेतृत्व में ठेकेदारों के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को लेखाधिकारी राजेश गौतम से मुलाकात की। ठेकेदारों ने उन्हें अवगत कराया कि भुगतान संबंधी समस्या का समाधान न होने से वह काफी परेशान हैं। उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। चालू कराए गए कार्य पूर्ण कराने में दिक्कतें आ रही हैं। आर्थिक संकट की वजह से वह नए टेंडर की प्रक्रिया में भाग नहीं ले पा रहे हैं। आर्थिक तंगी ने ठेकेदारों की मानसिक स्थिति पर भी असर डाला है। ठेकेदारों के प्रतिनिधियों ने कहा कि बकाया राशि का भुगतान होने पर वह पूरी ऊर्जा के साथ काम कर सकेंगे। शहर में प्रस्तावित विकास कार्यों को भी समय से पूर्ण कराया जा सकेगा। इसके लिए नगर निगम को उदारता दिखानी चाहिए।
ठेकेदारों ने कहा कि बकाया राशि का जल्द से जल्द भुगतान होना चाहिए। इस पर लेखाधिकारी राजेश गौतम ने जल्द भुगतान कराने का आश्वासन दिया। लेखाधिकारी ने कहा कि ठेकेदारों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। नगर निगम द्वारा उनके हितों की अनदेखी नहीं की जाएगी। इस अवसर पर नगर निगम कॉन्टैक्टर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सचिन त्यागी, विनोद भारती व कोषाध्यक्ष कुणाल सहित अन्य ठेकेदार मौजूद रहे।
















