रईसपुर गांव का किया निरीक्षण, मातहतों को दिए निर्देश
गाजियाबाद। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बुधवार को रईसपुर गांव का रूख किया। वहां जारी निर्माण कार्यों का जायजा लिया गया। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद ने तालाबों का जीर्णोद्धार किए जाने पर नगरायुक्त का आभार व्यक्त किया। नगर निगम के वार्ड नंबर-53 के अंतर्गत रईसपुर गांव आता है। रईसपुर में विभिन्न निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों की वस्तुस्थिति और गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए बुधवार को नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर पहुंचे।
ऐसे में क्षेत्रीय पार्षद मनोज चौधरी ने उन्हें ग्रीन बेल्ट की दीवार तथा नाले की मरम्मत के विषय में अवगत कराया। पार्षद ने इन कार्यों में तेजी लाने की अपील की। नगरायुक्त तंवर ने निर्धारित समय सीमा में यह कार्य पूर्ण करने के निर्देश निर्माण विभाग को दिए हैं। अधिशासी अभियंता अनिल त्यागी को इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए। नगरायुक्त ने कहा कि कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। गुणवत्ता में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए।
पार्षद मनोज चौधरी ने क्षेत्र में तालाब पूर्ण जीवित कराने पर नगरायुक्त का आभार प्रकट किया। पार्षद ने कहा कि तालाब का जीर्णोद्धार होने से ग्रामीणों को भी काफी राहत मिली है। रईसपुर गांव में जलभराव की समस्या भी दूर हो गई है। नगरायुक्त ने कहा कि शहर का समुचित विकास कराने को नगर निगम प्रयासरत है। पार्षदों एवं जनता का सहयोग भी मिल रहा है।
















