यूपी में फिर तबादले, 12 आईपीएस अफसर इधर-उधर

कल्पना सक्सेना को 47वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद की कमान

लखनऊ/गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश शासन ने 12 आईपीएस अधिकारियों के ट्रांसफर किए हैं। 47वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद के सेनानायक योगेश सिंह का भी तबादला कर दिया गया है। उन्हें 25वीं वाहिनी पीएसी रायबरेली भेजा गया है। उनके स्थान पर 49वीं वाहिनी पीएसी गौतमबुद्धनगर की सेनानायक कल्पना सक्सेना को गाजियाबाद भेजा गया है। चर्चा है कि विधान सभा चुनाव को देखकर यह ट्रांसफर किए गए हैं। उत्तर प्रदेश में अगले साल विधान सभा चुनाव होने हैं। विधान सभा चुनाव की सरकारी स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। इसी क्रम में पुलिस-प्रशासन में निरंतर फेरबदल किया जा रहा है। इसी क्रम में अब 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।

शासन ने कानपुर के पुलिस महानिरीक्षक मोहित अग्रवाल को पुलिस महानिरीक्षक टेक्निकल सर्विसेस बनाकर लखनऊ भेजा है। उधर, प्रतीक्षारत प्रशांत कुमार को कानपुर का नया आईजी बनाया गया है। इसी प्रकार प्रतीक्षारत नचिकेता झा को आगरा के आईजी पद का दायित्व सौंपा गया है। जबकि आगरा के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नवीन अरोड़ा को पुलिस महानिरीक्षक बजट के तौर पर लखनऊ भेजा गया है। इसी क्रम में योगेश सिंह को सेनानायक 47वीं वाहिनी पीएससी गाजियाबाद से सेनानायक 25वीं वाहिनी पीएससी रायबरेली, डॉ. अरविंद भूषण पांडे को सेनानायक 25वीं वाहिनी पीएससी रायबरेली से एसपी टेक्निकल सर्विसेज लखनऊ, संजय सिंह को सेनानायक 45वीं वाहिनी पीएससी अलीगढ़ से सेनानायक द्वितीय वाहिनी पीएससी सीतापुर बनाया गया है।

इसके अलावा कल्पना सक्सेना को सेनानायक 49वीं वाहिनी पीएसी गौतमबुद्धनगर से सेनानायक 47वीं वाहिनी पीएससी गाजियाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राहुल यादुवेंदु को सेनानायक द्वितीय वाहिनी पीएससी सीतापुर से पुलिस अधीक्षक मुख्यालय पुलिस महानिदेशक लखनऊ के पद पर भेजा गया है। राजेश कुमार सक्सेना को सेनानायक 8वीं वाहिनी पीएससी बरेली, भारती सिंह को सेनानायक 49वीं वाहिनी पीएसी, गौतमबुद्धनगर और विकास कुमार वैद्य को सेनानायक 37वीं वाहिनी पीएसी कानपुर नगर की जिम्मेदारी दी गई है।