चोरी के 12 वाहन बरामद, मास्टर चाबी का करते थे इस्तेमाल
गाजियाबाद। इंदिरापुरम पुलिस ने 2 वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। चोरों के कब्जे से पुलिस ने चोरी के दर्जनभर वाहन के अलावा मास्टर चाबी, तमंचा, कारतूस आदि सामान बरामद किया है। दोनों को जेल भेजने की तैयारी चल रही है। पुलिस ने रविवार की सुबह यह कार्रवाई की है। पकड़े गए आरोपी अक्सर मास्टर चाबी का प्रयोग कर वाहनों पर हाथ साफ करते थे।
दीपावली पर्व के मद्देनजर जारी चेकिंग के दौरान दोनों चोरों को अभय खंड में साईं मंदिर के पास से पकड़ा गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान प्रदीप सिंह व रोहित कुमार निवासी विजय नगर के रूप में हुई। दोनों अंतरराज्यीय वाहन चोर बताए गए हैं। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 4 ऑटो, स्विफ्ट डिजायर कार, एस्टीम कार, बुलेट, पल्सर, पैशन प्रो, एचएफ डीलक्स, डिस्कवर अैर स्कूटी बरामद हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी मास्टर-की लेकर दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय रहते थे।
सुनसान स्थान पर खड़े वाहनों का मास्टर-की से लॉक तोड़ देते थे। वाहनों को चोरी कर नंबर प्लेट बदल दी जाती थी। बाद में इन वाहनों को दिल्ली-नोएडा व मेरठ में कम दामों में बेच दिया जाता था। आरोपियों ने कबूला है कि चोरी के ऑटो को 15 से 20 हजार रुपए में बेच देते थे। बाइक को पांच से 15 हजार रुपये में बेचते थे। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी 6 माह से क्षेत्र में सक्रिय थे। अब तक काफी संख्या में वाहन चोरी कर चुके हैं। बरामद वाहनों में से 8 वाहनों के मालिकों की जानकारी कर ली गई है।
















