गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में अगले साल विधान सभा चुनाव होने हैं। इसके मद्देनजर जनपद गाजियाबाद में सोमवार से मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत होगी। 1 नवंबर से 30 नवंबर तक यह अभियान चलेगा। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को बेहतर तरीके से संचालित किया जाए। डीएम के निर्देश पर जिले में जागरूकता अभियान भी चलेगा। ऐसे में सभी शिक्षण संस्थानों में नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए स्वीप कार्यक्रम भी होगा। इसके लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम (प्रशासन) ऋतु सुहास को प्रभारी बनाया गया है।
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम आगामी विधानसभा चुनाव-2022 को स्वतंत्र,निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए यह कार्यक्रम आज से शुरू होगा। संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए बड़े स्तर पर जनपद में जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इसके तहत आज 1 नवंबर से 30 नवंबर तक विशेष अभियान दिवस होगा। इसके तहत 7 नवंबर,13,21 और 27 नवंबर को फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपने नाम दर्ज करा सकते है। इसके लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर-1950 भी जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि एक जनवरी-2021 को जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष और इससे अधिक है। वह,मतदाता सूची में अपने नाम दर्ज करा सकते हैं।
सूची में नए मतदाताओं का नाम जोडऩे,पहचान पत्र में सुधार,निधन होने पर नाम हटाने आदि कार्य किया जाएगा। मतदान केंद्र के बीएलओ,सहायक आरओ,एआरओ एवं एड्रेस एसवीपी पोर्टल पर आनलाइन आवेदन कर सकते है। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6 के लिए आवेदन दे सकते हैं। इसके लिए रंगीन फोटो,आयु प्रमाण पत्र,पता आदि कागज देने होंगे। मृतक एवं स्थान परिवर्तन के लिए फार्म-7 भरना होगा। जबकि सूची में दर्ज नाम में त्रुटि होने पर फार्म-8 भरकर देना होगा। जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देश का अक्षरश:अध्ययन करते हुए आज से मतदाता सूची में नए मतदाताओंं के नाम दर्ज कराए।
















