रूकेगा प्रदूषण : 32 सड़कों को डस्ट फ्री करेगा नगर निगम

गाजियाबाद। शहर में प्रदूषण की रोकथाम के लिए नगर निगम निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में अब शहर की 32 सड़कों को डस्ट फ्री करने की योजना है। इसके तहत दिसम्बर तक इन सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। दिनभरत उड़ती धूल और मिट्टी से प्रदूषण को बढ़ावा मिल रहा है। ऐसे में नागरिकों को सांस की लेने में दिक्कतें हो रही हैं। नगर निगम ने प्रदूषण से निपटने के लिए अब 32 सड़कों को जल्द डस्ट फ्री करने का निर्णय लिया है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर निर्माण विभाग ने इन सड़कों को चिन्हित कर लिया है। इन सड़कों के किनारे इंटरलॉकिंग टाइल्स और घास लगाने के लिए टेंडर मांगे गए है।

आगामी 23 नवंबर को टेंडर खोले जाएंगे। पहले चरण में शहर की 32 सड़कों को धूल मुक्त करने के लिए इस पर 14 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। नगर निगम के चीफ इंजीनियर नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि नगर निगम को शहर में प्रदूषण पर नियंत्रण करने के लिए केंद्र सरकार से 60 करोड़ रुपए मिले हैं। निगम ने इनमें से 20 करोड़ रुपए शहर की सड़कों को धूलमुक्त बनाने के लिए यह कार्य करेगा। सितंबर में 15वें वित्त आयोग के फंड से मिली 60 करोड़ रुपए की धनराशि को खर्च करने के प्रस्ताव पास हो चुके है। इसमें रोड स्वीपिंग मशीन भी खरीदी जाएगी। पहले चरण में ऐसी सड़कों पर काम कराया जाएगा। जिन पर ट्रैफिक ज्यादा है और इसकी वजह से धूल उड़ती है।

नगर निगम के चीफ इंजीनियर का कहना है कि 23 नवंबर को टेंडर खोले जाने के बाद ठेकेदारों को जल्द ही वर्कऑर्डर भी जारी किए जाएंगे। उम्मीद है कि दिसंबर से इन सड़कों पर कार्य शुरू हो जाएगा। निगम शहर की प्रमुख सड़कों पर पैचवर्क कराकर साइड पटरियों को पक्का कराएगा। सड़क के दोनों किनारों पर एक मीटर चौड़ाई में ऐसी इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएंगी जो भारी वाहनों का वजन सहन कर सके। जबकि एक मीटर चौड़ाई में ऐसी टाइल्स लगेंगी जिनसे पानी रिचार्ज हो सके। इसके बाद अगर जगह बचेगी तो इन टाइलों के किनारे घास लगाकर हरियाली विकसित की जाएगी।चीफ इंजीनियर ने बताया कि शहर की इन सड़कों को धूल मुक्त किया जाएगा।

इनमें सेक्टर-23संजयनगर फ्लाईओवर से आरडीसी फ्लाईओवर,आरडीसी फ्लाईओवर से विवेकानंद नगर पुल तक, डायमंड कट शास्त्रीनगर से नेशनल हाइवे-9 तक, हापुड़ चुंगी से शास्त्रीनगर होते हुए स्वदेशी चौक तक, संजयनगर सीएमओ ऑफिस के पास से पी-ब्लाक चौक तक संजयनगर, वसुंधरा जोन में मेवाड़ कॉलेज होते हुए सेक्टर-1 की सड़क, वसुंधरा सेक्टर-4ए से बुद्ध चौक-गढ़वाली चौक तक,एनएच-9 से तिगरी गोल चक्कर,प्रताप विहार चौक से डीपीएस चौक तक,एनएच-9 से गोशाला पुलिस चौकी तक, मेरठ रोड से आर्यनगर चौराहा से मालीवाड़ा होते हुए चौधरी मोड़ तक, डासना से हापुड़ चुंगी, हापुड़ चुंगी से राजनगर एक्सटेंशन चौराहा,हापुड़ चुंगी से नया बस अड्डा, हापुड़ रोड तिराहा से लालकुआं, मेरठ रोड तिराहे से ट्रांसपोर्ट नगर, मोहननगर से यूपी गेट तक लिंकरोड, मोहन नगर तिराहे से तुलसी निकेतन रोड,राजेंद्रनगर की 150 फुटा रोड, वसुंधरा सेक्टर-5 से सीआईएसएफ रोड, मेरठ रोड तिराहा से एनएच-9 को जोडऩे वाली लिंक रोड, सेक्टर-3 राजनगर फाटक से मेरठ रोड जोडऩे वाली सड़क को डस्ट फ्री किया जाएगा।