बृज विहार में 40 मिनट में चोरों ने की लाखों की चोरी

-नही थम रहीं वारदातें, पुलिस बेबस

गाजियाबाद। शहर में बढ़ते अपराध पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे है। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें पुलिस का कोई खौफ नही है। पुलिस द्वारा कही जाने वाली गश्त की बातें भी अब झूठ लगने ली है। अक्सर बदमाश दिन में पहले बंद मकान एवं दुकानों की रैकी करते है। या फिर सेल्समैन बनकर घरों में दस्तक देते है। ट्रांस हिण्डन क्षेत्र में बदमाशों का आंतक इस कदर बढ़ गया है कि वह आए दिन लूट, चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते है और पुलिस उनकों पकड़े की बजाये पीडि़त को ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कहती है। कहने का मतलब यह कि अपने सामान की रक्षा स्वयं करें, दुसरों के भरोसे न छोड़े। पुलिस चोरी के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर पूछताछ की खानापूर्ति करती हैं और बाद में कुछ नहीं होता। बढ़ती वारदातों के आगे पुलिस बेबस नजर आ रही है। बृज विहार क्षेत्र में दिन-दहाड़े बदमाशों ने मात्र 40 मिनट में लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। जब परिवार पहुंचा तो घर का ताला और अलमारी का ताला भी टूटा मिला। पीडि़त ने घटना की सूचना पुलिस को दी, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस एवं फॉरेंसिक की टीम ने जांच शुरू कर दी। दरअसल पिछले कुछ महीनों में अपराधों का ग्राफ बढ़ा है। लूट व चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं। कुछ मामले सुलझे हैं तो कुछ अभी भी अनसुलझे हैं। अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस के पास कोई खास एक्शन प्लान नजर नहीं आता। शहरवासी खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। लिंक रोड़ थाना क्षेत्र स्थित बृज विहार डी-187 ए में सतीश कपूर अपनी पत्नी विमला और बेटा हेमन्त, अमित और बहु ऊषा कपूर के साथ रहते है। सतीश प्राइवेट सेक्टर कंपनी से रिटायर्ड है। शनिवार दोपहर करीब 11.50 मिनटपर विमला घर के पास पार्क में बैठी हुई थी। ऊषा कपूर घर का दरवाजा बंद कर अपने बच्चे को सास के पास पार्क में छोड़कर किसी काम से बाहर गई थी। करीब 400 मिनट बाद जब वह अपने घर पहुंची तो घर को ताला टूटा हुआ था और बेड और अलमारी का सामान भी बिखरा हुआ था। यह सब देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने आनन-फानन में अपनी सास विमला और देवर हेमन्त को फोन किया। इस घटना को देखकर आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया कि मात्र 40 मिनट में ही बदमाश घर के अंदर घुसे और घर के अंदर रखी लाखों रूपए की ज्वेलरी एवं नगदी लेकर फरार हो गये। घर में रखे लेपटॉप और किमती सामान को हाथ तक नही लगाया। पीडि़त सतीश कपूर का कहना है कि घर से चोर 80 हजार रूपए नगद, लेडिस गोल्ड 4 सैट, चार सोने की चैन, सोने की अंगूठी, टॉप्स चार जोड़ी सोने के, सिल्वर सैट लेडिस, चांदी के कड़े तीन जोड़े, मंगलसूत्र आदि सामान चोरी कर ले गये।
वहीं वार्ड 68 के पूर्व पार्षद गोपाल करगेती ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटना लगातार बढ़ती जा रही है। पूर्व में चोरी की कई घटना घटित हुई है। दिन-दहाड़े हुई लाखों की चोरी पुलिस की कार्र्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है। बदमाशों में पुलिस का कोई खौफ नही है। वारदातों पर अंकुश लगाने में पुलिस पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। क्षेत्र में गस्त बढ़ाने के लिए थाना प्रभारी को कई बार पत्र दिया गया है, मगर गस्त बढ़ाने के बजाए पुलिस हमेशा वहां मुस्तैद रहती है, जहां उनकी जरूरत नही है।
वहीं लिंक रोड़ थाना प्रभारी बिजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। घर से 80 हजार नगद एवं लाखों रूपए की ज्वेलरी चोरी हुआ है। फिंगर प्रिंट की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर कुछ सबूत एकत्र किये है। जल्द ही घटना का खुलासा भी किया जाएगा।