जीडीए की बोर्ड बैठक 16 दिसम्बर को, महत्वपूर्ण प्रस्ताव होंगे शामिल

गाजियाबाद। जीडीए की अगली बोर्ड बैठक 16 दिसम्बर को होगी। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बोर्ड बैठक की तिथि को मेरठ मंडल के आयुक्त एवं जीडीए चेयरमैन सुरेंद्र सिंह ने भी मंजूरी दे दी है। बोर्ड बैठक में कुछ महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे जाएंगे। इनमें बड़े भूखंडों को व्यावसायिक से आवासीय में तब्दील करने के लिए भू-उपयोग का प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके अतिरिक्त लोनी, मोदीनगर, मुरादनगर का मास्टर प्लान का प्रस्ताव भी पेश होगा। जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश के निर्देश पर बोर्ड बैठक की तैयारियां शुरू हो गई हैं।

जीडीए सचिव बृजेश कुमार ने बताया कि मंडलायुक्त ने 16 दिसंबर की बोर्ड बैठक प्रस्तावित की है। जीडीए के सभी अनुभाग के अधिकारियों का बोर्ड बैठक से संबंधित प्रस्ताव जल्द तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि प्रस्तावों को शामिल कर एजेंडा तैयार कराया जा सके। जीडीए सचिव ने बताया कि कौशांबी में भूखंडों की योजना लाने के अलावा कोयल एंक्लेव, कौशांबी, मधुबन-बापूधाम, नेहरूनगर, प्रताप विहार आदि योजना में 2000 वर्ग मीटर या इससे अधिक वर्गमीटर के भूखंडों का कॉमर्शियल से आवासीय में भू-उपयोग परिवर्तित करने संबंधी प्रस्ताव रखा जाएगा। जीडीए का 10,600 वर्गमीटर का कौशांबी में सबसे बड़ा गु्रप हाउसिंग भूखंड है।

इस भूखंड का भू-उपयोग परिवर्तन कर छोटे आवासीय भूखंड काटे जाएंगे।बोर्ड बैठक में भू-उपयोग परिवर्तन संबंधी प्रस्ताव पास होने के बाद जनवरी 2022 में भूखंडों को बिक्री के लिए नीलामी प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।इसके अलावा मास्टर प्लान का प्रस्ताव भी बोर्ड बैठक में रखा जा सकता है। इसके अलावा मधुबन-बापूधाम योजना के भूखंडों के रेट में बढ़ोतरी के अलावा कई प्रस्ताव रखे जाएंगे। उन्होंने बताया कि बोर्ड बैठक का जल्द एजेंडा तैयार करने के बाद मंडलायुक्त को भेजा जाएगा। बोर्ड बैठक की सभी तैयारियां जल्द पूरी कर ली जाएगी।