नगर निगम करेगा गाजियाबाद-311 ऐप लांच, घर बैठे दूर होगी समस्या

-नगर आयुक्त ने दिए निर्देश, जनवरी में ऐप लांच की तैयारी

गाजियाबाद। स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 को दृष्टिगत डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और कचरा निस्तारण के लिए नगर निगम अब नए कदम उठाने जा रहा है। नई पहल का नागरिकों को भरभूर लाभ मिलेगा। इसके तहत जनवरी में गाजियाबाद-311 ऐप लांच किया जाएगा। इस ऐप की खासियत होगी कि ऐप के जरिए नागरिक घर बैठे कूड़े से संबधित समस्या का निस्तारण करा सकेंगे। इस ऐप के जरिए जहां कोई भी शहरवासी कूड़े की समस्या से अवगत करा सकेगा। मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी हैं। ऐप के जरिए घर बैठे ही शहर के सभी 100 वार्ड क्षेत्रों में कूड़े की समस्या का निस्तारण करना आसान हो जाएगा। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 को दृष्टिगत रखते हुए गाजियाबाद-311 ऐप को जनवरी-2022 में लांच करने की प्लानिंग की जा रही हैं। इससे शहर में कूड़े का निस्तारण करने के साथ ही ऐप पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण तत्काल कराया जाएगा। इससे शहर के सभी 100 वार्ड में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के साथ ही ऐप के जरिए किताबें, बर्तन एवं कोई भी सामग्री दान करने की भी सुविधा दी जाएगी। इससे कोई भी व्यक्ति बर्तन बैंक में बर्तन देने और किताबें आदि भी दान कर सकेंगे। इसको लेकर तैयारियां कराई जा रही हैं।

ऑनलाइन शिकायत पर तुरंत उठेगा कचरा
नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि नए साल यानि की जनवरी में गाजियाबाद-311 ऐप लांच करने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही ई-कचरा यानी कि ऑनलाइन कूड़ा उठान से लेकर कूड़े की समस्या को निस्तारण किया जाएगा। ई-कचरा में कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन शिकायत करता है तो वहां पर टीम भेजकर तत्काल कूड़ा उठान एवं समस्या निस्तारित की जाएगी। इसके लिए कूड़ा उठाने के लिए चार्ज लिया जाएगा। पैसे देकर कोई भी व्यक्ति कूड़ा उठवा सकेंगे। सड़कों पर कूड़ा-कचरा फेंकने एवं गंदगी फैली हुई होने पर ई-कचरा के जरिए ऑनलाइन शिकायत करने पर कूड़ा उठाने का कार्य किया जाएगा। इसके लिए चार्ज लिया जाएगा। गाजियाबाद-311 ऐप लॉंच होने के बाद इसके जरिए डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन करने के साथ ही कोई भी संस्था एवं संगठन अगर किताबें एवं बर्तन दान करना चाहते है तो ऐप के जरिए वह बर्तन एवं किताबें आदि भी दान कर सकते हैं। बर्तन बैंक के जरिए बेआसरा की मदद की जाएगी। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि ऐप लांच करने की तैयारी की जा रही है। जनवरी में इसे लांच कर इसके जरिए कूड़ा-कचरा की समस्या का निस्तारण किया जा सकेगा।