वेबसिटी से प्रभावित किसानों ने किया जीडीए का घेराव

-सर्किल रेट से चार गुना बढ़ी दर से मुआवजा दिलाने की मांग

गाजियाबाद। नेशनल हाइवे-9 स्थित वेब एवं सनसिटी टाउनशिप से प्रभावित किसानों ने बिल्डर से मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) कार्यालय के सामने घेरा डालकर बैठ गए। सोमवार को इकला, इनायतपुर, नायफल, बयाना, काजीपुरा, महरौली, शाहपुर बम्हैटा, डासना, दुजाना गांव के सैकड़ों किसानों एवं महिलाओं ने सर्किल रेट से चार गुना बढ़ी दर से मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर जीडीए कार्यालय गेट पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों किसान प्राधिकरण के गेट के सामने बैठ गए और किसी भी अधिकारी व कर्मचारी को बाहर नहीं जाने दिया। सुबह 11 बजे से शाम साढ़े तीन बजे तक चले किसानों के विरोध प्रदर्शन के चलते रोड पर ही किसान धरना देकर बैठ गए। प्रदर्शन करने के बाद किसानों ने अपनी मांग संबंधी ज्ञापन जीडीए सचिव बृजेश कुमार को सौंपा। जीडीए सचिव बृजेश कुमार ने किसानों को आश्वासन दिया कि जीडीए से संबंधित मांग जल्द पूरी की जाएगी। वहीं, शासन से संबंधित मांग को शासन स्तर से निर्णय लिया जाएगा। इससे पूर्व किसानों के प्रदर्शन के चलते जीडीए सचिव बृजेश कुमार खुद पल-पल की जानकारी लेते रहे। वहीं, जीडीए में एडीएम सिटी बिपिन कुमार, नायब तहसीलदार अशोक पासवान, जीडीए ओएसडी गुंजा सिंह, अपर सचिव सीपी त्रिपाठी, सीएटीपी आशीष शिवपुरी, सीओ फस्र्ट स्वतंत्र सिंह आदि अधिकारी सुबह से ही मुस्तैद रहे। भारतीय किसान संगठन के नेतृत्व में सैकड़ों किसान सुबह 11 बजे जीडीए कार्यालय के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉली,कार लेकर पहुंचे। गेट के सामने बैठकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान किसानों ने वेव व सन सिटी के बिल्डरों और जीडीए अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों को रालोद के वरिष्ठ नेता चौधरी अजयपाल प्रमुख, भीम आर्मी पार्टी के प्रवक्ता सत्यपाल चौधरी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिजेंद्र यादव, विनीत चौधरी आदि ने समर्थन देते हुए जमकर आवाज बुलंद की। संगठन के जिलाध्यक्ष लोकेश आदि ने कहा कि 2008 में वेव सिटी व सन सिटी ने 18 हजार 600 रुपए प्रति वर्गगज की दर से जमीन का रेट दिया था। अब इसे बढ़ाकर सर्किल रेट से चार गुना ज्यादा दिया जाना चाहिए। 2013-14 के समझौते को पूर्णता लागू किया जाए और किसानों से विकास शुल्क ना लिया जाए। किसानों के भूखंड की रजिस्ट्री तत्काल की जाए। रालोद नेता चौधरी अजयपाल प्रमुख एवं कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र यादव ने कहा कि सन सिटी बिल्डर के खिलाफ किसानों का छह साल से आंदोलन चल रहा है। इसे प्रशासन मध्यस्था करके समस्या का हल निकलवाए। उन्होंने कहा कि बिल्डर ने जमीन लेते समय सभी गांव के विकास करने की बात कही थीं। सभी 18 गांव का तत्काल पूर्ण विकास किया जाए। किसानों के धरना-प्रदर्शन के चलते जीडीए गेट बंद कर दिया गया। वहीं,सिहानी गेट थाना प्रभारी निरीक्षक देवपाल सिंह पुंडीर,जीडीए पुलिस इंस्पेक्टर नरेश कुमार सिंह समेत एलआईयू के दारोगा समेत भारी संख्या में पुलिस फोर्स मुस्तैद रहीं।