योगी शनिवार को आएंगे गाजियाबाद, सरकारी विभाग हुआ चौकन्ना, भाजपा कार्यकर्ताओं का बढ़ा जोश, टिकट के दावेदार हुए सक्रिय

– 25 दिसंबर को गाजियाबाद में जन विश्वास रैली में शामिल होने के लिए गाजियाबाद आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गाजियाबाद आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। प्रशासनिक अमला तैयारियों में लगा हुआ है वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ गया है। टिकट के दावेदारों ने भी सक्रियता बढ़ा दी है। विधानसभा चुनाव में गाजियाबाद के कई दिग्गजों का टिकट कटना तय है ऐसे वह अपनी सक्रियता अधिक दिखाना चाहते हैं। भाजपा संगठन के लोग मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लगातार बैठकें कर रहे हैं और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की गई। नगर निगम द्वारा सफाई व्यवस्था, सड़कों के सौदर्यीकरण सहित अन्य कामों को तेजी से किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर महापौर, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त एवं एसएसपी ने रूठ का निरीक्षण किया।
जन विश्वास यात्रा के तहत मुख्यमंत्री 25 दिसंबर को ग्गाजियाबाद आएंगे। मुख्यमंत्री कालका गढ़ी चौक पर यात्रा में सम्मलित होंगे जिसको लेकर नगर निगम ने पूरी तैयारी जोरों से शुरू की है। जन विश्वास यात्रा मार्ग का महापौर आशा शर्मा और नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने निरीक्षण किया। नगर निगम द्वारा सड़कों को साफ स्वच्छ एवं गड्ढा मुक्त बनाया जा रहा है। निगम द्वारा लाइट्स, तिरंगा लाइट, पेड़ो की छटाई, छिड़काव इत्यादि का काम कराया जा रहा है।
दरअसल गाजियाबाद भाजपा का गढ़ है। लेकिन यहां के जनप्रतिनिधियों को लेकर जनता में जबरदस्त रोष है। ऐसे में गढ़ को बचाने और कार्यकर्तााओं में जोश भरने के लिए मुख्यमंत्री स्वयं गाजियाबाद आ रहे हैं। 2022 की चुनावी तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी के अभियान को कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों से जोड़ने के लिए शनिवार को मुख्यमंत्री गाजियाबाद में रहेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जनप्रतिनिधियों की धड़कनें तेज है। जनप्रतिनिधियों को डर है कि कहीं कोई कमी रहती है तो उनका टिकट कटना तय है। मुख्यमंत्री गाजियाबाद शहर विधानसभा क्षेत्र में जनविश्वास यात्रा के दौरान रोड शो करेंगे। इसी विधानसभा पर टिकट के सबसे अधिक दावेदार हैं। भाजपा की जन विश्वास यात्रा 25 दिसंबर को मेरठ से मोदीनगर होते हुए गाजियाबाद पहुंचेगी। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के कई केंद्रीय मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहेंगे। मुरादनगर गंगनहर स्थित श्री हंस इंटर कालेज में मुख्यमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।