-आबकारी विभाग ने 18 लीटर अपमिश्रित कच्ची शराब समेत तस्कर दबोचा
गाजियाबाद। क्रिसमस-डे, नए साल और आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए आबकारी विभाग ने पूरी तरह से कमर कस ली है। जनपद में अवैध शराब की बिक्री एवं परिहवहन पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी की कार्र्रवाई कर रहा है। इसके साथ अवैध शराब के निर्माण व बिक्री के अड्डों पर दबिश देने के साथ-साथ हाइवे पर स्थित संदिग्ध ढाबों की भी जांच की जा रही है। मुख्य मार्गों पर वाहनों की भी चेकिंग की जा रही है। जिससे अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाई जा सकें। साथ ही अवैध शराब के कार्य में संलिप्त माफियाओं पर आबकारी अधिनियम की धाराओं के साथ-साथ आईपीसी की धाराओं में भी एफआईआर दर्ज कराते हुए कठोर कार्यवाही करने से भी नही चूक रहा है। इसी कडी में आबकारी विभाग की टीम ने थाना टीला मोड़ क्षेत्र में दबिश की कार्रवाई के दौरान कच्ची शराब समेत तस्कर को गिरफ्तार किया है।
उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में लगातार आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब की बिक्री/परिवहन पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चला रहा है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आबकारी निरीक्षक सेक्टर-5 त्रिवेणी प्रसाद मौर्य एवं थाना टीला मोड़ प्रभारी की संयुक्त टीम ने देर रात फरुखनगर, निस्तौली आदि स्थानों में दबिश दी। दबिश के दौरान तस्कर महेंद्र पुत्र बुद्ध सिंह निवासी ग्राम जावली टीला मोड़ को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से 18 लीटर अपमिश्रित कच्ची शराब एवं घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद किया गया। पकड़ा गया तस्कर शराब में नौसादर का इस्तेमाल करता है। जिसके मिलाने से शराब के नशे की तीव्रता और बढ़ जाती है। जिसके पीने से जान का खतरा भी बना रहता है। मगर इन सब से अनजान तस्कर शराब में नौसादर मिलाकर तस्करी के लिए लेकर आया था। आरोपी के खिलाफ थाना टीला मोड़ में धारा 60,72 आबकारी अधिनियम व 272 ,273 भारतीय दंड संहिता में मुकदमा पंजीकृत कराकर भेज भेजने की कार्र्रवाई की गई।
















