50 स्थानों पर मुख्यमंत्री का फूलों से होगा भव्य स्वागत, जन विश्वास यात्रा को लेकर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने दी जानकारी

-2022 में पूर्ण बहुमत से बनेगी भाजपा की सरकार

गाजियाबाद। आगामी विधानसभा चुनाव-2022 में फतेह हासिल करने के लिए आज यानि शनिवार को भाजपा की जन विश्वास यात्रा एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शहर में रोड शो को भव्य रूप में निकाला जाएगा। मुख्यमंत्री का 50 स्थानों पर फूलोंसे भव्य स्वागत किया जाएगा। रामलीला मैदान घंटाघर के सभागार पर शुक्रवार को प्रेसवार्ता की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने करते हुए कहा कि रथ के साथ 10 बड़ी कारों में यात्रा से जुड़े व्यवस्थापक चलेंगे। शनिवार को मुरादनगर विधान सभा स्थित हंस इंटर कॉलेज पर सुबह 10 बजे विधायक अजीत पाल त्यागी के नेतृत्व में यात्रा का स्वागत एवं विशाल जनसभा का आयोजन होगा।

साहिबाबाद विधानसभा में लाजपत नगर स्थित शनि चौक पर विधायक सुनील शर्मा के नेतृत्व में दूसरी बड़ी जनसभा का आयोजन किया जाएगा। जिसे उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा संबोधित करेंगे। शहर विधानसभा में अंबेडकर रोड स्थित कालका गढ़ी चौक से यात्रा का रोड शो प्रारंभ होगा। जिसका नेतृत्व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। 2 किलोमीटर लंबे इस यात्रा मार्ग को कार्यकर्ताओं ने झंडा बैनर और होर्डिंग से सजा दिया है। मुख्यमंत्री के भव्य स्वागत की सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी है।

उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री अतुल गर्ग ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की सभी सीटों में से गाजियाबाद लोकसभा की शहर विधानसभा को अपनी यात्रा के लिए चयनित किया है। उन्होंने बताया कि उनकी आगमन की सूचना से कार्यकर्ताओं में जोश है तथा जन सामान्य भी योगी आदित्यनाथ को सुनने और देखने के लिए सड़कों पर उतरेगा।

मेयर आशा शर्मा ने मुख्यमंत्री आगमन की सभी तैयारियों को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम के माध्यम से यात्रा मार्ग को साफ सुथरा और सजाने की बात कही। उन्होंने बताया कि यात्रा जिस विधानसभा से निकलेगी, उस विधानसभा के विधायक उस यात्रा के साथ मौजूद रहेंगे। साथ ही कई जगह यात्रा पर फूलों की वर्षा भी की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में तमाम योजनाएं लोगों के लिए चलाई गई है और इस जन विश्वास यात्रा के माध्यम से उन योजनाओं और सरकार के कार्य को लोगों के बीच में पहुंचाया जाएगा। इस बार फिर से योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में आगामी-2022 में भाजपा प्रदेश में बहुमत की सरकार बनाने जा रही हैं।

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मयंक गोयल ने बताया कि जबसे बीजेपी उत्तर प्रदेश की सरकार में आई। इसके बाद से प्रदेश उन्नति और विकास की तरफ अग्रसर हो रहा है। इस मौैके पर महामंत्री पप्पू पहलवान ,महानगर मीडिया प्रभारी अश्वनी शर्मा, सह मीडिया प्रभारी नीरज गोयल, धीरज अग्रवाल, प्रदीप चौधरी, जय कमल अग्रवाल, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी सौरव जायसवाल, व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक अनुज मित्तल, राजेंद्र मित्तल मेंदी वाले, उमेश भाटी, राकेश स्वामी, प्रतीक माथुर उपस्थित रहे।