गाजियाबाद। जनपद में विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में 10 फरवरी को होने वाले पाचों विधानसभा सीटों पर मतदान को लेकर शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण इलाकों पर भी फोकस किया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर कविनगर और मधुबन-बापूधाम थाना क्षेत्र अंतर्गत कॉलोनी एवं गांवों में अपर नगर मजिस्ट्रेट तृतीय शिखा शुक्ला के नेतृत्व में सीओ कविनगर अवनीश कुमार, कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद प्रकाश मिश्र, मधुबन-बापूधाम थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बीएसएफ की एक कंपनी के जवानों के साथ क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया।
कोविड संक्रमण से बचने को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए सीओ कविनगर अवनीश कुमार ने कहा कि सभी लोग लोकतंत्र के महापर्व पर अपने आपको व दूसरों को सुरक्षित रखने के लिए कोविड गाइड लाइन का प्रयोग करें। सोशल डिस्टेंसिंग, अनावश्यक बाजारों में न घूमने, मास्क व सेनाटाइज का प्रयोग लगातार करते रहने की सलाह दी। इस दौरान सभी लोगों से शांति पूर्ण चुनाव कराने में सहयोग देने व कोविड संक्रमण से बचने के लिए गाइड लाइन का पालन करने का अनुरोध किया।
सीओ अवनीश कुमार ने बताया कि कविनगर और मधुबन-बापूधाम थाना क्षेत्र अंतर्गत कॉलोनियों एवं गांवों में बीएसफ की कंपनी के जवानों के साथ शांतिपूर्ण मतदान के लिए फ्लैग मार्च किया गया। कविनगर-मधुबन-बापूधाम थाना क्षेत्र की प्रभारी एवं अपर नगर मजिस्ट्रेट शिखा शुक्ला ने बताया कि बीएसएफ की एक कंपनी के जवानों एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कविनगर क्षेत्र के लालकुआं, शाहपुर-बम्हैटा, रजापुर, महरौली, कविनगर, राजनगर आदि इलाकों में फ्लैग मार्च किया गया। इसके अलावा मधुबन-बापूधाम थाना क्षेत्र में गांव रईसपुर, सदरपुर, सेक्टर-23 संजयनगर, मधुबन, मैनापुर, दुहाई आदि गांवों में फ्लैग मार्च किया गया। उन्होंने बताया कि 10 फरवरी को होने वाले मतदान के मद्देनजर शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से मतदान कराने के लिए बीएसएफ की कंपनी द्वारा क्षेत्रों में लगातार नजर रखी जा रही हैं। इसके तहत ही फ्लैग मार्च किया गया। ताकि गांवों में शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कराया जा सके।















