जीडीए की टीम से भिड़े बिल्डर, जमकर मचा हंगामा

गाजियाबाद। इंदिरापुरम के ज्ञानखंड में शनिवार को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की टीम अवैध निर्माण को ध्वस्त करने पहुंची। इस बीच ट्रांस हिंडन बिल्डर वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन प्रदीप गुप्ता वहां आ पहुंचे। उन्होंने तोड़-फोड़ की कार्रवाई का विरोध किया। दरअसल गुप्ता का कहना था कि जब यह निर्माण शुरू किया गया था तब विभाग ने सुध नहीं ली। अब बिल्डिंग का निर्माण होने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करना तर्क संगत नहीं है। हंगामा होने पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने का प्रयास किया।

इंदिरापुरम के ज्ञान खंड-1 में भूखंड संख्या-15 पर अवैध निर्माण चल रहा था। इसकी शिकायत मिलने पर जीडीए की टीम शनिवार को प्रभारी सुशील चौबे के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम ने वहां जमकर तोड़-फोड़ की। इस दौरान ट्रांस हिंडन बिल्डर वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन प्रदीप गुप्ता वहां आ पहुंचे। उन्होंने तोड़-फोड़ की कार्रवाई के विरोध में हंगामा खड़ा कर दिया। गुप्ता का कहना था कि वह अवैध निर्माण का विरोध नहीं कर रहे हैं। असल बात यह है कि यह इमारत एक दिन में नहीं बनी है।

जब निर्माण शुरू किया गया था, तब प्राधिकरण को रोकना चाहिए था। निर्माण के बाद बिल्डिंग को तोड़ा जाना तर्क संगत नहीं है। मौके पर कई बिल्डर भी पहुंच गए। पुलिस ने प्रदीप गुप्ता को हिरासत में लेने का प्रयास भी किया। बिल्डरों ने जीडीए की कार्रवाई का विरोध की जमकर नारेबाजी की। किया। माहौल गरमाने पर पुलिस टीम को बैकफुट पर आना पड़ा। प्राधिकरण ने कार्रवाई को बीच में रोक कर वापस लौटने में भलाई जानी।