महिला पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की जरूरत: अनुराधा चौधरी

-पुलिस चिकित्सालय में महिला हेल्थ कैम्प का आयोजन

गाजियाबाद। वामा सारथी यूपी फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के नेतृत्व में शनिवार को आईएमए गाजियाबाद द्वारा हरसांव स्थित पुलिस लाइन मेंं महिला हेल्थ कैम्प का आयोजन किया गया। कैम्प का उद्घाटन अनुराधा चौधरी पत्नी एसएसपी पवन कुमार ने फीता काटकर किया। कैम्प में 157 महिला मरीजों ने रक्त चाप, हीमोग्लोबिन, मधुमेह एवं थाइरॉइड की जांच कराई। जिसमें आईएमए के अध्यक्ष डा. आरके गर्ग, पुलिस चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. प्रदीप यादव, एसपी ग्रामीण डा. ईरज राजा, डॉ. संजीव जैन, डॉ. अल्पना कंसल, डॉ. अरूणा अग्रवाल, डॉ. वानी पूरी, डॉ. मधु पोद्दार, डॉ. प्रहलाद चावला, डॉ. अभिनव गोयल, डॉ. किरन (डीसीएच संजयनगर) ने उपचार में सहयोग किया।

अनुराधा चौधरी ने महिला पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि महिला पुलिसकर्मियों को भी अपने स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए स्वयं जागरूक होने की आवश्यकता है। महिलाओं को खुद की देखभाल करने व फिर दूसरों की मदद करने की आवश्यकता पर जोर दिया। महिलाओं को तनाव को दूर करने के तरीके बताए। आईएमए के अध्यक्ष डा. आरके गर्ग ने बताया महिलाओं पर दो परिवारों की जिम्मेदारी होती है। इसके साथ ही आप पर घर के साथ समाज की सुरक्षा का भी दायित्व है। महिलाएं अपने स्वास्थ्य के प्रति पूरी तरह से स्वस्थ रहें इसके लिए उनको स्वयं सजग रहना होगा।

एसपी ग्रामीण डा. ईरज राजा ने महिला पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि आप पर घर के साथ समाज की रक्षा की भी अहम जिम्मेदारी है। इसलिए अपनी एवं समाज की रक्षा के लिए स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना बहुत जरूरी है। महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। जरूरत इस बात की है कि वे अपने हक और अधिकारों के साथ स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहें। स्वास्थ्य के प्रति दूसरों को भी जागरूक करें। महिलाएं अपनी बेटियों को हर हाल में शिक्षित करें।