नगरायुक्त ने मातहतों के साथ किया मंथन, बेहतर कार्य के दिए निर्देश
गाजियाबाद। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के मद्देनजर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी है। सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों में आवश्यक व्यवस्था, क्षेत्रों की सघन सफाई, खुले मैदान, ओडी स्पाट, नालियों की सफाई, नाली में जाली, सैप्टिक टैंक की सफाई, मरम्मत का कार्य, पार्कों की साफ-सफाई एवं आंतरिक गलियों में प्रकाश व्यवस्था दुरूस्त करने के लिए नगरायुक्त ने मातहतों के साथ मंत्रणा की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 को लेकर शनिवार को कंट्रोल रूम में नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने निर्माण, जलकल, उद्यान, स्वास्थ्य एवं टैक्स विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मानकों के अनुरूप शौचालयों की सफाई, मरम्मत तथा शौचालयों में लगने वाले उपकरण तथा निर्माण विभाग द्वारा नालियों में लगने वाली जाली, मरम्मत कार्य, पार्कों की साफ-सफाई, पार्कों व शहर में मुख्य मार्गों के साथ-साथ आंतरिक गलियों में प्रकाश आदि व्यवस्था सुचारू रखने के लिए कमर कसने के निर्देश दिए।
नगरायुक्त तंवर ने एसबीएम प्रभारी डॉ. मिथिलेश तथा उद्यान विभाग प्रभारी एवं एसबीएम लिंक नोडल ऑफिसर डॉ. अनुज कुमार के अलावा विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ वार्ता की। नगरायुक्त ने सभी जोन कार्यालय में सुपर जोनल प्रभारी भी नियुक्त किए हैं ताकि शहर को एक अच्छे मुकाम तक पहुंचाया जा सके और कोई भी कोना स्वच्छता से अछूता ना रहे। नगरायुक्त ने बताया कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी हरसंभव प्रयास कर रहे है, जिसमें सभी पार्षद, आरडब्ल्यूए एवं शहर के लोगों का भी सहयोग मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की जितनी जिम्मेदारी नगर निगम की है, उतनी ही जिम्मेदारी नागरिकों की भी है। बिना नागरिकों के सहयोग से नगर निगम स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल नहीं आ सकता है। बैठक में अपर नगरायुक्त शिव पूजन यादव, अरुण कुमार यादव, लेखाधिकारी राजेश गौतम, डॉ. संजीव सिन्हा कर निरीक्षक, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, जलकल विभाग के जीएम आनंद त्रिपाठी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश, निर्माण विभाग से देशराज, अनिल त्यागी, योगेंद्र यादव आदि अधिकारी उपस्थित रहे। नगरायुक्त ने सभी को आपस में संपर्क कर शहरहित में बेहतर कार्य करने एवं साप्ताहिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।















