-मिलावटी शराब स्वास्थ्य के लिए हानिकारक
गाजियाबाद। विधानसभा चुनाव के नतीजे और आगामी होली पर्व को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से सीओ मोदीनगर एवं आबकारी निरीक्षक, एसएचओ की अध्यक्षता में भोजपुर गांव में ग्राम प्रधान,पूर्व ग्रामप्रधान,चौकीदारो व अन्य गणमान्य लोगो के साथ बैठक की गई। सीओ मोदीनगर सुनील कुमार सिंह ने आगामी 10 मार्च को विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव के नतीजे चाहें जो भी आएं, चाहे कोई जीते या हारे आप सबका दायित्व है कि कस्बे एवं क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखें। जो भी समस्याएं हैं उसका निदान किया जा रहा है, उन्होंने कहा कि पुलिस के साथ-साथ आप सब का भी दायित्व है कि आप अराजक तत्वों पर नजर रखें। त्यौहार हम सबको शांतिपूर्वक मनाना है। पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है।
वहीं आबकारी निरीक्षक राम शंकर सिंह ने मतगणना एवं होली पर्व में पुलिस एवं आबकारी विभाग का सहयोग करें। हम आपकी सुरक्षा के लिए कटिबद्ध हैं। कहीं भी कोई अवैध रूप से शराब का निर्माण एवं तस्करी का कारोबार करता है तो संपर्क करें। होली का पर्व भाई-चारे व रंगों का त्योहार है। सभी मिलकर शांति के साथ मनायें। किसी को जबरन रंग न लगाएं। क्षेत्र में अशांति पैदा न करें। उन्होंने कहा त्योहार आदि पर मिलावटखोरों द्वारा मिलावटी शराब की बिक्री की जाती है। मिलावटी शराब पीकर खुद के स्वास्थ्य व जीवन के साथ खिलवाड़ न करें। सरकारी दुकान पर शराब लेते समय सील बंद, क्यू आर कोड देखकर ही शराब खरीदें। अवैध व मिलावटी शराब बनाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। अक्सर लोग सस्ती शराब के चक्कर में अपने जीवन से खिलवाड़ करते है। इच्छुक व्यक्ति केवल सरकारी दुकान से ही शराब खरीदें। सस्ती शराब के चक्कर में उपभोक्ता को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
इस दौरान ग्राम प्रधान, पूर्व ग्रामप्रधान, चौकीदारो व अन्य गणमान्य लोगो से सूचना का आदान-प्रदान करने के लिए मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए गए। बैठक में अवैध शराब के निर्माण व बिक्री होने पर तत्काल आबकारी विभाग या पुलिस विभाग को सूचित करने की अपील भी की गई। इसके अलावा सीओ मोदीनगर एवं आबकारी निरीक्षक की टीम ने शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान शराब विक्रेताओं को भी चेताया गया कि किसी प्रकार की कोर्ई भी अवैध शराब की बिक्री न की जाए, अंकित मूल्यों पर ही शराब की बिक्री की जाए।
















