ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की आवासीय भूखंडों की योजना का ड्रा 18 अप्रैल को निकाला जाएगा। ड्रा कराने के लिए दस सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी में यीडा के दोनों अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) शामिल हैं। यमुना प्राधिकरण ने चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले आवासीय भूखंडों की योजना लॉन्च थी। इस योजना में 416 भूखंड रखे गए हैं। जबकि 18 हजार से अधिक आवेदन आए हैं। आचार संहिता लागू होने के कारण ड्रा प्रक्रिया नहीं कराई जा सकी थी।
यमुना प्राधिकरण ने अब ड्रा कराने की तैयारी पूर्ण कर ली है। जानकारी के अनुसार 18 अप्रैल को ड्रा निकाला जाएगा। इस प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए दस सदस्यीय कमेटी का गठित की गई है। कमेटी का अध्यक्ष एसीईओ मोनिका रानी को बनाया गया है। जबकि एसीईओ रविंद्र सिंह सह अध्यक्ष का दायित्व संभालेंगे।
इसके अलावा विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) शैलेंद्र भाटिया व ओएसडी शैलेंद्र कुमार सिंह को सदस्य बनाया गया है। महाप्रबंधक वित्त, नियोजन और परियोजना भी इस कमेटी के सदस्य होंगे। विधि और उप महाप्रबंधक संपत्ति को भी सदस्य बनाया गया है। जबकि संपत्ति के प्रबंधक को संयोजक सदस्य बनाया गया है।
















