मोदीनगर में ऐतिहासिक सीकरी मेले में श्रद्धालुओं को बनाया निशाना
गाजियाबाद। मोदीनगर में आयोजित ऐतिहासिक सीकरी मेले में शिरकत करने आए एक ही परिवार के आधा दर्जन से ज्यादा सदस्य जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गए। आरोप है कि माता का प्रसाद बताकर उन्हें नशीली कोल्ड ड्रिंक पिला दी गई। इसके बाद वह बेसुध हो गए। बाद में बदमाश नकदी और आभूषण लूटकर फरार हो गए। शनिवार की सुबह पार्किंग में खड़ी कार में इस परिवार को बेहोशी की हालत में पाकर कुछ श्रद्धालुओं ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़तार की। साथी सभी नागरिकों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर, पुलिस ने लूट की बजाए फूड प्वाईजनिंग की आशंका जाहिर की है। शाहदरा (दिल्ली) में भजनपुरा थानांतर्गत धर्मबीर सिंह परिवार के साथ रहते हैं। वह अपनी पत्नी मुनेश, बेटे करण, पुत्रवधू रेनू, भाई राजेंद्र, भाभी मालवती, पोते जय व पोती पूर्वी और बेटी पूजा के साथ शुक्रवार की रात सीकरी महामाया देवी मंदिर में आए थे। माता के दर्शन करने के बाद वह पार्किंग में खड़ी अपनी कार के पास चले गए। इस बीच देर रात वहां कुछ नागरिक आए। जिन्होंने धर्मवीर के परिवार के सदस्यों को कोल्ड डिंक पीने के लिए दी। इंकार करने पर आरोपियों ने कोल्ड ड्रिंक को माता का प्रसाद बताया।
कोल्ड ड्रिंक का सेवन करने के कुछ देर बाद धर्मवीर के परिवार के सभी सदस्य बेहोश हो गए। बाद में आरोपी नकदी और जेवरात लूटकर फरार हो गए। शनिवार की सुबह पार्किंग में खड़ी कार में सभी को बेहोश पाकर पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच कर सभी नागरिकों को संयुक्त जिला अस्पताल सेक्टर-23 संजय नगर में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने पूर्वी को मेरठ रेफर कर दिया है। आरोप है कि घटना को जहरखुरानी गिरोह ने अंजाम दिया है। उधर, पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
















