मेरठ-गाजियाबाद सीट पर मतदान, किए गए कड़े सुरक्षा इंतजाम

विधान परिषद सदस्य पद पर कुल 6 उम्मीदवार मैदान में

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य की मेरठ-गाजियाबाद सीट पर मतदान प्रक्रिया जारी है। इस सीट पर कुल 6 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें भाजपा और सपा गठबंधन के अलावा 4 निर्दलीय उम्मीदवार हैं। गाजियाबाद जनपद में भी मतदान शांतिपूर्ण तरीके से कराया जा रहा है। दोपहर 12 बजे तक कुल 67 प्रतिशत मतदान हो चुका था। गाजियाबाद जिले में कुल 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जहां 699 मतदाता वोट डालेंगे। मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है। 12 अप्रैल को मतगणना कराकर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। विधान परिषद सदस्य की मेरठ-गाजियाबाद सीट पर भाजपा से धर्मेंद्र भारद्वाज, सपा-रालोद गठबंधन से सुनील कुमार रोहटा के अलावा निर्दलीय उम्मीदवार यामीन, राकेश कुमार, राहुल कुमार व सलेक चंद मैदान में हैं।

गाजियाबाद के अलावा बागपत, हापुड़ और मेरठ में इस सीट के लिए मतदान चल रहा है। उधर, उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 27 सीट पर शनिवार को मतदान कराया गया है। रिक्त पड़ी 36 में से 27 सीट पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया चल रही है। यूपी के कुल 58 जिलों में कड़ी सुरक्षा के बीच जनप्रतिनिधि वोट डाल रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा नेता एवं सांसद रवि किशन, शिव प्रताप शुक्ला और विधायक विपिन सिंह ने भी मताधिकार का इस्तेमाल किया। वोड डालने के बाद सीएम योगी ने कहा कि विधान सभा के बाद विधान परिषद में भी भाजपा पूर्ण बहुमत से आएगी।

निर्वाचन विभाग के मुताबिक दोपहर दो बजे तक 60.92 प्रतिशत मतदान हो चुका था। विधान परिषद सदस्य के चुनाव में कुल 95 प्रत्याशी मैदान में हैं। 58 जिलों में 1.20 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए प्रदेशभर में 739 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से 58 कंपनी अर्ध सैनिक बल भी तैनात किया गया है। भाजपा तथा सपा उम्मीदवारों के बीच में मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। लखनऊ में 73.04 प्रतिशत, उन्नाव में 66.3 तथा उन्नाव-लखनऊ सीट पर 68.64 प्रतिशत मतदान हो चुका है। उधर, सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर महाराजगंज स्थानीय निकाय विधान परिषद सदस्य चुनाव में मतदान किया। मतदान के उपरांत उन्होंने कहा कि विधान सभा की भांति विधान परिषद में भी भाजपा का प्रचंड बहुमत होगा।