गुरुद्वारा जी ब्लॉक कविनगर नि:शुल्क वैक्सीनेशन कैम्प में 250 लोगों का लगा टीका
गाजियाबाद। टीकाकरण करने के बाद किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती है और न ही दर्द होता है। कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन जरूरी है। कोरोना महामारी से निपटने में सभी लोगों को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना होगा। संक्रमण न फैले, इसके लिए गाइडलाइन का पालन करने की जरूरत है। यह बातें शनिवार को गुरुद्वारा जी ब्लॉक कविनगर में आयोजित नि:शुल्क वैक्सीनेशन कैम्प में मौलाना आजाद एजूकेशन फांउडेशन (अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय-भारत सरकार) के उपाध्यक्ष सरदार एस पी सिंह ने बूस्टर डोज लगवाते हुए नागरिकों को वैक्सीन के प्रति जागरूक करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन बहुत ही आवश्यक है। घर से बाहर निकलने पर मास्क का प्रयोग करें व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। कोविड से घबराने की नहीं, बल्कि जागरूकता की जरूरत है। कोरोना का खतरा पूर्ण रूप से अभी टला नही है, इसलिए बचाव के साथ सुरक्षा भी जरूरी है। प्रदेश व केंद्र सरकार इस विषय में प्रशासन के सहयोग से नि:शुल्क वैक्सीन लोगों को लगवा रही है।
पुन: कोविड की बढ़ती संख्या से लोगों में जागरूकता बढ़ी है। गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष रविन्दर सिंह जौली ने बताया कि कैम्प में 12 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को व 60 वर्ष से अधिक आयु वालों को प्रीकाशन डोज नि:शुल्क लगाई जा रही है। सुबह से ही गुरुद्वारे में लोगों द्वारा पंजीकरण कराया जा रहा है, कैम्प सांय चार बजे तक चलेगा, वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या 250 से अधिक लोगों ने वैक्सीन लगवाई।
















