गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा इंदिरापुरम कॉलोनी को हैंडओवर किए जाने से नागरिकों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं है। इस निर्णय से कॉलोनी का समुचित विकास हो सकेगा। इसके अलावा समस्याओं के निदान में भी परेशानी नहीं आएगी। कुछ नागरिकों ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय पहुंच कर अधिकारियों से मुलाकात की। इंदिरापुरम कॉलोनी को नगर निगम को हैंडओवर किए जाने को लेकर काफी समय से आवाज उठ रही थी। निगम सदन में यह प्रस्ताव मंजूर होने से नागरिकों में काफी प्रसन्नता है।
उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में वह समस्याओं में घिरकर नहीं रहेंगे। क्षेत्रीय पार्षदों ने भी इंदिरापुरम को नगर निगम के अधीन करने के लिए काफी संघर्ष किया था। वार्ड संख्या-100 के पार्षद संजय सिंह इस मुहिम में लंबे समय से जुटे थे। अब नगर निगम द्वारा इंदिरापुरम के नागरिकों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उद्यान विभाग, प्रकाश विभाग तथा जलकल विभाग द्वारा जनहित में कार्यवाही कराई जाएगी। अपनी खुशी को जाहिर करने के लिए कई नागरिक नगर निगम कार्यालय भी पहुंचे।
अहिंसा खंड-2 निवासी रेजीडेंट अभिषेक शर्मा व दिव्यांश ने बताया कि गाजियाबाद शहर के अन्य वार्डों के साथ-साथ अब इंदिरापुरम में भी विकास हो सकेगा। कॉलोनी में नगर निगम की तरफ से समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। इसमें साफ -सफाई, प्रकाश, पेयजल, सड़क की मरम्मत व पार्कों का सुधार जैसे कार्य हैं। नागरिकों ने इंदिरापुरम को नगर निगम द्वारा हैंडओवर किए जाने पर महापौर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर सिमरजीत सिंह, तन्मय, विनोद पांडे ने अधिकारियों से मुलाकात कर नगर निगम की कार्यकुशलता की प्रशंसा की।















