गाजियाबाद। जिले में बेरोजगार युवक एवं युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए वृहद स्तर पर किए गए रोजगार मेले के कार्यक्रम में 1185 बेरोजगार युवक एवं युवतियों को विभिन्न कंपनी में नौकरी मिल गई। गुरूवार को दिल्ली-मेरठ हाइवे दुहाई स्थित आरडी इंजीनियरिंग कॉलेज में जिला सेवायोजन कार्यालय के तत्वाधान में वृहद बेरोजगार मेला आयोजित किया गया। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, सीडीओ विक्रमादित्य सिंह मलिक,जिला सेवायोजन अधिकारी संतोष कुमार सिंह आदि की मौजूदगी में फीता काटकर उद्घाटन किया।
केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप वृहद बेरोजगार मेले में युवक एवं युवतियों के लिए यह सुनहरा पल है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारों को रोजगार दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। मेले में 2800 से अधिक अभ्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। वहीं, 35 कंपनियों द्वारा 1185 बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार दिया गया। केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्जवलित कर मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान विशेष अतिथि के रूप में सुरेश चौहान अध्यक्ष प्रबंध निदेशक,जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक,डॉ. अवंतिका शर्मा चेयरमैन रिनाउंड गु्रप ऑफ इंडस्ट्री उपस्थित रहे। जनरल वीके सिंह ने युवाओं और युवतियों को समय के साथ-साथ निरंतर आगे बढ़ते रहने तथा भविष्य में कठिन मेहनत करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने युवाओं को अपने ज्ञान को समाज सेवार्थ तथा समाज के विकास के लिए समर्पित करने का आहवान किया। केंद्र व प्रदेश सरकार रोजगार के क्षेत्र में निरंतर किए जा रहे प्रयास पर प्रकाश डाला।

जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने प्रतिभागी बेरोजगारों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा रोजगार सृजन के लिए किए जा रहे प्रयास सफल हो रहे है। उन्होंने कहा कि रोजगार शासन की प्राथमिकता में है। यह वृहद रोजगार मेला रोजगार सृजन के लिए एक सकारात्मक प्रयास है। आगे भी इसी प्रकार के रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। छात्रों को निराश न हाने की सलाह दी। आरडी इंजीनियरिंग कॉलेज के चेयरमैन डॉ.राकेश शर्मा ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। जिला रोजगार साहयता अधिकारी एसके सिंह ने बताया कि कुल 35 कंपनियों ने मेले में भाग लिया। युवाओं की योग्यता के अनुसार साक्षात्कार लिया गया। जिसमें 1185 युवाओं का चयन किया। इस दौरान आईटीआई कॉलेज के प्रधानाचार्या राधाकृष्ण, सहायक सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री, डॉ. संजीव शर्मा, मोहम्मद वकील, संजय पालीवाल, पंकज कुमार सिंह, गौरव बंसल, जयदीप कुमार, विशाल उपमन्यु, राजेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
















