उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। शहर में हो रहे कूड़ा निस्तारण की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम 45 लाख रूपए की लागत से कूड़ा डालने वाले स्थलों को भी अब नया रूप दे रहा है।
शनिवार को मेयर आशा शर्मा ने वार्ड-8 के भाजपा पार्षद राजेंद्र तितौरिया, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार आदि की मौजूदगी में कूड़ा डलावघर का फीता काटकर उद्घाटन किया। मालीवाड़ा में फ्लाईओवर के नीचे यह कूड़ा डलाव घर बनाया गया है। नगर निगम द्वारा करीब 45 लाख रुपए की लागत से निर्मित कराए गए टीन शेड डलाव घर का उद्घाटन कर मेयर ने कहा कि इससे अब कूड़े की समस्या का निस्तारण हो सकेगा। इसमें दो कंपेक्टैर मशीन शामिल है। 10 टैंपों से कूड़ा यहां पर आएगा। इसके बाद हुक लोडर मशीन के जरिए कूड़े को डंपिंग ग्राउंड में भेजा जाएगा। इस कूड़ा डलावघर से 4 वार्डों के लोगों को फायदा होगा। मालीवाड़ा, लोहिया नगर,नेहरू नगर क्षेत्र का कूड़ा यहां एकत्रित होगा। इससे चार वार्डों में कूड़ा डलाव की समस्या खत्म होगी।
















