जाग होने पर पशु छोड़ भागे बदमाश

सिंभावली क्षेत्र के गांव खुडलिया से चोरी हुए थे तीन पशु

घेर का ताला तोड़ते हुए सीसीटीवी में कैद हुए चोर

उदय भूमि ब्यूरो
गढ़ुक्तेश्वर।
सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर खुडलिया में घेर का ताला तोड़कर चोरी किए गए तीन पशुओं को चोर ग्रामीणों द्वारा पीछा किए जाने के बाद जंगल मे छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने जंगल में कमिंग करते हुए करीब दो घंटे तक चोरों को तलाश किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी है। वही आए दिन पशु चोरी की बढ़ रही घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। जानकारी के अनुसार सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव निवासी मोहम्मदपुर खुडलिया निवासी तेजवीर सिंह ने बताया कि उनका घेर घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर गांव में बाहरी छोर पर स्थित है ।शुक्रवार की देर रात को वह पशुओं का चारा करने के बाद अपने घर चले गए थे। सुबह करीब 3 बजे उनको घेर का ताला टूटे होने की सूचना ग्रामीणों द्वारा दी गई। सूचना पर तेजवीर सिंह घेर पर पहुचे जहां उन्होंने देखा कि उनके घेर से तीन पशुओं को चोर चोरी कर ले गए हैं। चोरी की घटना के बात तेजवीर सिंह सहित गांव के सैकड़ों लोग हाथों में लाठी डंडे लेते हुए जंगल में पशुओं को तलाश करने के लिए निकल पड़े। उन्होंने गांव के निकट जंगल में देखा कि आधा दर्जन बदमाश तीनों पशुओं को लेकर जा रहे हैं। बदमाशों को देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए पीछा किया तो बदमाश ग्रामीणों को देखकर पशुओं को छोड़कर गन्ने के खेत में होते हुए फरार हो गए। चोरी की घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर जंगल में करीब दो घंटे तक कांबिग करते हुए बदमाशों को तलाश किया,लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिल सकी। ग्रामीणों ने बताया कि पशु चोरी करने वाले दो चोर घेर के निकट लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। जिसमें वह घेर का ताला तोड़ते हुए और पशुओं को ले जाते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों में आक्रोश है कि क्षेत्र में आए दिन पशु चोरी नलकूप चोरी की घटनाएं घटित हो रही हैं, लेकिन पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस शीघ्र ही चोरों को गिरफ्तार कर घटनाओं का पर्दाफाश करें ।इस संबंध में सिंभावली थाना प्रभारी राहुल चौधरी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी की फुटेज लेकर घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।