हादसे के बाद सड़क पर पड़ी लाश पर उतर गए आधा दर्जन वाहन

 सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव बक्सर स्थित फ्लाइओवर पर हुआ हादसा

 हादसे में घायल हो गया साथी, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा

 पुलिस द्वारा अस्पताल में भर्ती हुआ घायल साथी भी हुआ गायब

उदय भूमि ब्यूरो
गढ़ुक्तेश्वर।
सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव बक्सर स्थित फ्लाइओवर पर बाइक सवार युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क पर पड़ी लाश के ऊपर से आधा दर्जन तेज रफ्तार वाहन गुजर गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि बाद में घायल साथी अस्पताल से गायब हो गया। शनिवार सुबह करीब पांच बजे सिंभावली पुलिस राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर गश्त कर रही थी। तभी घायल अवस्था में घूम रहे एक युवक ने पुलिस को अपना नाम नीतिश निवासी रामपुर बताया। उसने बताया कि उसके साथी विशाल सक्सेना निवासी बजरंग बिहार थाना सिविल लाइन जनपद रामपुर ही सड़क हादसे में मौत हो गई है। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराते हुए उसके साथी को तलाश किया। करीब 20 मिनट बाद एक युवक का शव बक्सर स्थित फ्लाइओवर के ऊपर सड़क के बीचों-बीच पड़ा मिला। लेकिन, पुलिस के पहुंचने से पहले ही शव के ऊपर से करीब आधा दर्जन से अधिक वाहन गुजर जाने के कारण शरीर बुरी तरह कुचल चुका था। जैसे-तैसे शव को पुलिस द्वारा एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस को सूचना देने वाला युवक भी अस्पताल से गायब हो गया। इस संबंध में सिंभावली थाना प्रभारी राहुल चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसके स्वजन को इस संबंध में जानकारी दे दी गई है।