लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद में शुक्रवार को बेखौफ हथियारबंद बदमाशों ने मस्जिद के अंदर घुसकर वृद्ध की हत्या कर दी। हमलावरों ने नमाज अदा करने आए वृद्ध पर ताबड़-तोड़ गोलियां बरसा दीं। ऐसे में एकाएक हड़कंप मच गया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जाहिर की गई है। पुलिस ने फरार हत्यारोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने भी घटनास्थल पर जाकर छानबीन की।
पुलिस के मुताबक मोहल्ला शेखपैन निवासी इदरीश (65) का पड़ोस के कुछ व्यक्तियों के साथ पुराना विवाद चल रहा है। इदरीश ने इस संबंध में पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई थी। पुलिस ने बताया कि वृद्ध इदरीश शुक्रवार को तड़के करीब 5 बजे नजदीक की मस्जिद में नमाज अदा करने गए थे। इस बीच बदमाशों ने मौका पाकर मस्जिद में घुसकर इदरीश की गोलियां बरसा कर हत्या कर दी। अल-सुबह यह वारदात होने से इलाके में एकाएक सनसनी फैल गई। गोलीबारी की आवाज सुनकर आस-पास के नागरिक आनन-फानन में मस्जिद पहुंचे।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस का कहना है कि लोहे कारोबारी इदरीश की हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई है। पुलिस ने शव को पोटमार्टम के लिए भेज दिया है। डीएम चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। एसएसपी कुमार ने बताया कि इदरीश की हत्या रंजिशन की गई है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर विवेचना कराई जा रही है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के हाथ कुछ सीसीटीवी फुटेज भी लगे हैं।
















