उग्र सांड का तांडव, निजी कंपनी कर्मचारी को पटक-पटक कर मार डाला

ग्रेटर नोएडा। पुलिस चौकी के पास आक्रामक सांड ने निजी कंपनी के कर्मचारी की जान ले ली। सांड ने कर्मचारी को पटक-पटक कर मार डाला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्र में यह घटना चर्चा में है। ग्रेटर नोएडा में कुलेसरा पुलिस चौकी के समीप सोमवार की सुबह यह घटना देखने को मिली। इकोटेक-3 कोतवाली पुलिस के के मुताबिक राजेंद्र कुमार (35) निकटवर्ती सुत्याना गांव में किराए के मकान रहता था। वह मूल रूप से जनपद कौशांबी जिले के सलाबल गांव का रहने वाला था।

वह नोएडा फेस-2 में निजी कंपनी में कर्मचारी था। पुलिस ने बताया कि राजेंद्र सोमवार की सुबह ड्यूटी कर घर वापस लौट रहा था। इस बीच कुलेसरा पुलिस चौकी के समीप दो सांड सड़क पर आपस में लड़ रहे थे। इस दौरान एक उग्र सांड ने अचानक राजेंद्र पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सांड ने राजेंद्र को सड़क पर पटक कर मार डाला। बाद में उग्र सांड ने दूसरे सांड पर भी हमला कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

उधर, कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सांड के हमले से कंपनी कर्मचारी राजेंद्र की मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौके पर मौजूद भीड़ ने सांड द्वारा हमला करने की घटना को देखा था। उधर, घटना के दौन भीड़ तमाशबीन बनी रही, मगर किसी ने राजेंद्र को बचाने की कोशिश नहीं की। उधर, पीड़ित परिवार का कहना है कि राजेंद्र को सांड ने टक्कर मार दी थी। इसके बाद वह सड़क पर जाकर गिरा था। इस बीच तेज रफ्तार वाहन ने राजेंद्र को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई।