गाजियाबाद। सिर्फ आठ रुपए के विवाद में ग्राहक ने आपा खोकर दुकानदार के ऊपर खौलते तेल की कड़ाही उलट डाली। ऐसे में दुकानदार बुरी तरह झुलस गया। शोर-शराबा मचने पर मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। बाद में पीड़ित को उपचार के लिए ले जाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पूरे मामले की जांच-पड़ताल आरंभ कर दी है। मसूरी थाना क्षेत्र में गत 25 जुलाई को यह घटना घटी। पुलिस ने बताया कि पीड़ित के शरीर का अधिकांश हिस्सा झुलस गया है।
पुलिस का कहना है कि डासना किला के पुराना बाजार में आसिफ की कचौड़ी की दुकान है। 25 जुलाई को आसिफ का भाई राशिद दुकान पर बैठा था। इस बीच पड़ोसी सोनू अपनी मासूम बेटी को गोद में लेकर वहां आया। कचौड़ी खाने के बाद सोनू ने पेटीएम के जरिए आठ रुपये का भुगतान कर देने की बात कही। राशिद द्वारा चेक करने पर पता चला कि पेटीएम अकाउंट में पैसे नहीं आए हैं। इस पर राशिद ने पैसे की डिमांड की।
आरोप है कि ग्राहक सोनू ने गुस्से में आकर एकाएक खौलते तेल की कड़ाही दुकानदार राशिद पर पलट दी। तदुपरांत पीड़ित को उपचार के लिए ले जाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की है, मगर पुलिस ने अब तक आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। उधर, एसएचओ आर.सी. पंत का कहना है कि छानबीन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















