-रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर आबकारी विभाग सख्त
गाजियाबाद। आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई से नुकसान पर नुकसान होने के बावजूद शराब तस्कर बाज नहीं आ रहे हैं। अवैध तरीके से कच्ची शराब बनाने का धंधा बदस्तूर जारी है। खादर क्षेत्र में आबकारी विभाग की कार्रवाई से शराब तस्करों को हर बार 40 से 50 हजार का नुकसान उठाना पड़ता है। कच्ची शराब बनाने में प्रयुक्त सामान को नष्ट कर दिया जाता है। बार-बार हानि होने के बाद भी तस्कर पुन: कच्ची शराब की भट्टी को सुलगा लेते हैं। हालांकि विभाग भी पीछे हटने को तैयार नहीं है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन की रोकथाम के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत खादर क्षेत्र में निरंतर छापामार कार्रवाई कर कच्ची शराब बनाने के कारोबार पर चोट की जा रही है।

आबकारी विभाग के सूत्रों का कहना है कि खादर क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब का निर्माण करने के लिए तस्कर जो साजो-सामान जुटाते हैं, उसे जब्त कर मौके पर नष्ट कर दिया जाता है, जिससे तस्करों को 40 से 50 हजार रुपए का घाटा होता है। कच्ची शराब तैयार करने में लहन का इस्तेमाल होता है। खादर क्षेत्र में कच्ची शराब बनाने को भट्टियां जलाई जाती हैं। खादर क्षेत्र में पानी की उपलब्धता आसानी से होने की वजह से तस्कर वहां अपना अखाड़ा जोड़ते रहते हैं। आबकारी विभाग का नेटवर्क इस समय इतना मजबूत है कि कच्ची शराब का कारोबार जम नहीं पा रहा है। उधर कच्ची शराब बनाने का साजो-सामान जुटाया जाता है, इधर आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर खेल बिगाड़ देती है।

इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने फिर कार्रवाई की है। विशेष प्रवर्तन अभियान के क्रम में बुधवार को आबकारी निरीक्षक त्रिवेणी प्रसाद मौर्य की टीम द्वारा थाना लोनी व टीला मोड़ अंतर्गत सीती, रिस्तल व महमूदपुर आदि स्थानों में दबिश दी गई। दबिश के दौरान लगभग 50 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इसके अलावा लगभग 1800 किलोग्राम लहन मिला, जिसे मौके पर नष्ट कर दिया गया। आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग भी पंजीकृत किया गया। रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस की निकटता के मद्देनजर आबकारी विभाग ज्यादा सक्रिय है।

अवैध शराब की वजह से कोई बड़ी घटना न हो सके, इसका ध्यान रखकर निरंतर छापेमारी कार्रवाई चल रही है। इसी क्रम में दिल्ली बॉर्डर, खोड़ा, ट्रांसपोर्ट नगर चेक पोस्ट, लोनी-बागपत रोड एवं ईडीएम मॉल व डासना टोल प्लाजा पर चेकिंग की गई। थाना मोदीनगर में आबकारी निरीक्षक राकेश त्रिपाठी द्वारा विकास पंवार पुत्र सुंदर सिंह निवासी ब्रह्मपुरी को 48 पौवे अवैध विदेशी शराब फॉर सेल इन पंजाब की बिक्री करते गिरफ्तार किया गया।

इसी क्रम में योगेश पुत्र तेजपाल निवासी पिलखुवा हापुड़ को जल निगम गेस्ट हाउस के पीछे झुग्गियों में 65 पौवे देशी संतरा फॉर सेल इन हरियाणा के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा आबकारी निरीक्षकों द्वारा देशी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर एंव मॉडल शॉप का निरीक्षण किया गया। दुकानों पर स्टॉक का मिलान किया गया एवं बोतलों पर चस्पा क्यू.आर. कोड को स्कैन किया गया। दुकांनों पर किसी प्रकार की अनिमियता नहीं पाई गई। विके्रताओं को पीओएस मशीन द्वारा बिक्री करने एवं नियमानुसार दुकान संचालित करने के सख्त निर्देश दिए गए।

जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि त्यौहारी सीजन को देखकर जनपद में ज्यादा एहतियात बरती जा रही है। रक्षाबंधन एवं स्वतंत्रता दिवस नजदीक है। त्यौहार पर शराब की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में तस्कर अवैध और कच्ची शराब बेचने की फिराक में रहते हैं। कच्ची शराब का सेवन जानलेवा हो सकता है। अलबत्ता आबकारी विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। नागरिकों को भी सस्ती एवं कच्ची शराब से बचने की सलाह दी जा रही है।
















