कई बार शिकायत करने के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
चार साल से लगातार बह रहा पानी, घरों में टोंटी पड़ी सूखी
उदय भूमि ब्यूरो
अश्वनी शर्मा, बरेली। नगर निगम की सुस्ती कालोनी वासियों पर पिछले चार साल से भारी पड़ रही है। लोगों द्वारा निगम अधिकारियों व कर्मचारियों से शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। निगम के चक्कर लगाते लगाते घनचक्कर बन चुके लोग निराश होकर बैठ गये। 
पीलीभीत रोड बरेली स्थित विष्णु धाम कालोनी के पास से जाने वाले नाले की पुलिया के नीचे सरकारी पानी की पाइप लाइन पिछले चार साल से फटी पड़ी है। जिसमें से लगातार पानी बहता रहता है। कालोनी के रहने वाले मनोज सक्सेना का कहना है कि पिछले चार साल से पाइप लाइन फटी पड़ी है। जिसकी शिकायत कई बार नगर निगम अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई सुध नहीं ली। यहीं की रहने वाली ऊषा मिश्रा ने बताया कि पाइप लाइन फटी होने से लगातार पानी बहता रहता है। जिसकी वजह से घरों में सरकारी पानी की टंकी लगी होने के बाद भी टोंटियां चार साल से सूखी पड़ी हैं। राज किशोर व रामपाल ने बताया कि 640 रुपये की नगर नियम ने रसीद भी काटी थी। इसके बावजूद भी पानी की पाइप लाइन सही नहीं की। नगर निगम में कई बार इस समस्या को लेकर चक्कर लगाए, लेकिन अधिकारियों व कर्मचारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। मोहम्मद रिजबान का कहना है कि एक तरफ सरकार पानी संरक्षण को बढ़ावा देती है। बड़े बड़े विज्ञापन पानी संरक्षण को लेकर देती है। लेकिन वहीं पिछले चार साल से पाइप लाइन फटी होने से पानी वह रहा है। लेकिन नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी मस्त हैं और जनता त्रस्त है। वहीं सरकार की पानी संरक्षण की योजनाओं को पलीता भी लगा रहे हैं।
















