पानी निकासी की होगी स्थायी व्यवस्था: नगरायुक्त

जोगीनवादा मुहल्ला के रामलीला ग्राउंड का निरीक्षण करने पहुंचे नगरायुक्त

कूड़ा डालने पर लगाई पाबंदी, रामलीला ग्राउंड की करानी होगी चहारदीवारी

उदय भूमि अखबार ने प्रकाशित की थी जनता की परेशानी की खबर

उदय भूमि ब्यूरो
अश्वनी शर्मा, बरेली। जोगी नवादा मुहल्ला के रामलीला ग्राउंड में स्थित पानी की टंकी पिछले पांच साल से लीकेज है, जिससे लगातार पानी निकलता रहता है। लगातार पानी निकलने से रामलीला ग्राउंड में जलभराव होने से आसपास रहने वाले लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। नगर निगम अधिकारियों से इस संबंध में कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का स्थायी निराकरण नहीं हो सका है। हां, निगर अधिकारी व कर्मचारी समस्या को जड़ से दूर करने की बजाय अक्सर इंजन से पानी पड़ोस के नाले में निकलवा देते हैं।

लेकिन कुछ दिन बाद ही फिर जलभराव हो जाता है। जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उदय भूमि अखबार ने शुक्रवार को प्रमुखता के साथ खबर प्रकाशित की। जिस पर नगरायुक्त ने सोमवार को नगर निगम अधिकारी व कर्मचारी की टीम के साथ रामलीला ग्राउंड में जलभराव और लोगों के घरों के सामने लगे कूड़े के ढेरों का निरीक्षण किया। साथ ही नगर निगम अधिकारियों व कर्मचारियों को कई दिशा निर्देश दिए।
नगरा आयुक्त अभिषेक आनंद ने निरीक्षण के दौरान रामलीला मैदान पानी की टंकी के पास श्रीनगर कालोनी के आसपास कूड़ा डालने पर पाबंदी लगाते हुए कूड़ा नहीं डालने के आदेश दिये। साथ ही आयदिन इंजन से होने वाली पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था किए जाने के अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टंकी तक पहुंचने के लिए बेहतर रास्ता बनाया जाए। फिलहाल अभी सम्राट अशोक नगर कालोनी से टंकी के पास तक अस्थायी नाले की प्रक्रिया चल रही है। जिस पर नगरा आयुक्त ने अस्थायी नाले को सम्राट अशोक नगर की बजाय जोगी नवादा के पक्के नाले में मिलाए जाने के आदेश दिये। यही नहीं, उन्होंने अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए कि जिसके अंतर्गत भी रामलीला ग्राउंड आता है, या जिसके संरक्षण में यह जमीन है, इस मैदान के चारों तरफ की चाहर दीवारी कराई जाए। वहीं टंकी के पास पड़ी नगर निगम की जमीन की चहारदीवारी कराने के अधिकारियों को आदेश दिए।

रामलीला मैदान के बीच में लगे बिजली के ट्रांस फार्मर को वहां से हटाकर रोड के किनारे लगवाने के दिशा निर्देश भी दिए। हालांकि पानी की टंकी के लीकेज को लेकर कोई दिशा निर्देश नहीं दिए हैं।
बता दें कि मुहल्ला जोगी नवादा के रामलीला मैदान में नगर निगम द्वारा लगवाई गई सरकारी पानी की टंकी में पांच साल पहले लीकेज हो गया था। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत नगर निगम अधिकारियों से की। जिस पर निगम कर्मचारियों ने जुगाड़ कर लीकेज बंद कर दिया। लेकिन कुछ दिन बाद फिर से लीकेज खुल गया और लगातार पानी बहने लगा। इससे रामलीला मैदान में जलभराव होने से तालाब बन गया। जब दोबारा नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की तो इस बार लखनऊ से जांच टीम आई। लेकिन फिर वही ठाक के तीन पात। जांच टीम मौका मुआयना कर वापस नहीं लौटी। आज भी समस्या जस की तस बनी हुई है। यही नहीं, उनके घर के पास ही कई मुहल्ला का कूड़ा भी डाला जाता है।। जिससे दिनरात स्थानीय लोग हवा के रूख के साथ बदबू आने से परेशान हैं। लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकुल प्रभाव पड़ रहा है। लोगों का जीना मुहाल है। सबसे बड़ी परेशानी तो यह है कि आसपास रहने वाले लोग अक्सर मौसमी बीमारियों से ग्रसित रहने लगे हैं। खास बात तो यह है कि यहां रहने वाले लोग तीन पार्षद के क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। हां, निगम कर्मचारी अक्सर आते हैं और इंजन से पानी खींचकर चले जाते हैं। वहीं इस मामले में टंकी आपरेटर राजेंद्र ने बताया था कि कि वो तो बस टंकी परिसर की देखभाल करते हैं। साथ ही पानी की सप्लाई का कार्य देखते हैं। हालांकि पानी की टंकी में लीकेज पांच साल से है। इस समस्या को दूर करने की जिम्मेदारी निगम के बड़े अधिकारियों की है। उन्हीं के हाथ में इस समस्या का निराकरण है।