गाजियाबाद। बगैर नक्शा पास कराए अनाधिकृत रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने कार्रवाई तेज कर दी है। अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त किया जा रहा है।
मंगलवार को जीडीए उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के आदेश पर न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी एवं गुलधर रेलवे स्टेशन के सामने 10 बीघा जमीन में अवैध कॉलोनी में जीडीए प्रवर्तन दस्ते की टीम ने बुलडोजर चलाकर साइट ऑफिस, भूखंडों की बाउंड्रीवाल एवं पिलर के लिए खड़े किए गए सरिया के स्ट्रेक्चर को ध्वस्त कर दिया।

जीडीए प्रवर्तन जोन-3 की प्रभारी एवं ओएसडी गुंजा सिंह के अवकाश पर होने के चलते जोन के सहायक अभियंता राकेश कुमार सिंह ने अवर अभियंता नरेंद्र कुमार मार्केंडेय, एसपी यादव, शील निधि शर्मा, बीडी शुक्ला, राजेंद्र शर्मा, जीडीए पुलिस एवं मधुबन-बापूधाम थाने की पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। जीडीए प्रवर्तन जोन-3 के सहायक अभियंता आरके सिंह ने बताया कि पूर्व पार्षद नरेंद्र चौधरी एवं ओमवीर प्रधान द्वारा अवैध कॉलोनी न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी एवं गुलधर रेलवे स्टेशन के सामने अवैध रूप से लगभग 10 बीघा जमीन पर अनाधिकृत कॉलोनी विकसित करने के लिए भूखंड काटकर बेचे गए।इस कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर साइट ऑफिस,भूखंडों की बाउंड्रीवाल,पिलर सरिया,सड़क आदि को ध्वस्त किया गया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर एवं निर्माण करने वालों ने जमकर विरोध किया। मगर पुलिस फोर्स ने उन्हें लाठी फटकार कर वहां से भगा दिया। चेतावनी दी गई कि दोबारा निर्माण शुरू किया तो थाने में संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।















