गाजियाबाद के 1083 संस्थानों पर नही है आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम

-अग्निशमन विभाग ने 619 प्रतिष्ठानों को जारी किया नोटिस 

गाजियाबाद। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हजरत गंज स्थित होटल लिवाना सुइट में लगी भीषण आग के बाद चार लोगों की मौत हो गई थी। गाजियाबाद जिले में भी ऐसे होटल एवं अन्य प्रतिष्ठान है, जिनमें आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं है। गाजियाबाद में अस्पताल, होटल और उद्योग अग्निकांड से बचने के लिए सुरक्षा इंतजाम नहीं कर रहे।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जनवरी से 15 अगस्त 2022 तक अग्निशमन विभाग ने संवेदनशील श्रेणी की 1787 बिल्डिंगों का निरीक्षण किया। इनमें से सिर्फ 704 बिल्डिंगों में ही आग बुझाने के इंतजाम मिले। 1083 प्रतिष्ठान ऐसे है जिनमें आग बुझाने एवं सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले। इनमें से सबसे खराब इंतजामों वाले 619 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए हैं। अग्निशमन सुरक्षा के मानकों को ठेंगा दिखाने वालों में सबसे ज्यादा औद्योगिक प्रतिष्ठान हैं।

उन्होंने बताया कि इस अवधि में 918 उद्योगों का भी निरीक्षण किया गया। इनमें 285 उद्योगों को नोटिस जारी किया गया। जनवरी से अगस्त तक शहर के 206 अस्पतालों का भी निरीक्षण किया गया। इनमें 152 को नोटिस जारी किया गया है। जबकि 118 होटलों में से सिर्फ 38 में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम मिले है। बाकी 80 होटलों को भी नोटिस जारी किया गया है। इनके अलावा 462 आवासीय भवनों में से 190बिल्डिंगों में भी अग्निकांड से निबटने के लिए इंतजाम ठीक नहीं मिले। इनमें से 102 भवन मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। अग्निशमन विभाग द्वारा किए गए ऑडिट के बाद कार्रवाई की गई। इनमें निरीक्षण किया अस्पताल-206,आग के इंतजाम-54 में अपूर्ण इंतजाम-152 में नोटिस जारी किए-152। होटल-118, इंतजाम-38, अपूर्ण-80,नोटिस-80। फैक्ट्री-918, इंतजाम-302, अपूर्ण-616, नोटिस-285।

मॉल-मल्टी प्लेक्स-24,इंतजाम 24 में मिले। सरकारी भवन-59, इंतजाम-14, अपूर्ण-45 भवन। आवासीय भवन-462, इंतजाम-272, अपूर्ण-190, नोटिस-102 शामिल हैं। वहीं, आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम ने जनपद के अस्पताल, नर्सिंग होम, होटलों का निरीक्षण किया। सीएफओ सुनील सिंह ने बताया कि वैशाली, वसुंधरा, साहिबाबाद, इंदिरापुरम व कोतवाली क्षेत्र के 15 अस्पताल व दो होटलों का निरीक्षण किया गया। सभी जगहों पर अग्निशमन उपकरणों की जानकारी की गई।