-व्यक्ति को एक्टिव रहने में करता है मदद फिजियोथेरेपी: डा0 सीएस राम
-घर-घर जाकर चलाया जागरूकता अभियान
मुरादनगर। विश्व भौतिक चिकित्सा दिवस पूरे विश्व में पिछले कई वर्षो से बड़े हर्षोल्लास से मुख्य जाता है। 8 सितम्बर को पूरे विश्व में आयोजित यह दिवस भौतिक चिकित्सा समुदाय की एकता और एकजुटता को दर्शाता है। यह दिवस एक बेहतर जीवन प्रदान करने की दिशा में काम करने वाले फिजियोथेरेपिस्ट को मान्यता प्रदान करने के लिए मनाया जाता है।

इस साल डब्लूसीपीटी ने फिजियोथेरेपी एवं गठिया के उद्देश्य का वर्णन कर कई महत्वपूर्ण योगदान को उजागर किया है जो फिजियोथेरेपिस्ट लोगों के स्वास्थ्य और शारीरिक कल्याण के लिये करते है। यह विषय लोगों को अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में फिजियोथेरेपिस्ट की भूमिका के बारे में ज्ञान प्रदान करता है। इस अवसर को चिह्नित करने के लिये गुरुवार को आईटीएस ने विश्व फिजियोथेरेपी दिवस पर आज के उभरते हुए युवा फिजियोथेरेपिस्ट छात्रों को अवसर प्रदान किया कि वह मरीजों को स्वयं फिजियोथेरेपी के बारे में अवगत कराये।

डा0 सीएस राम प्रधानाचार्य ने आईटीएस के छात्रों केा खेल की दुनिया में फिजियोथेरेपी संबंधित शैक्षणिक करियर और अवसरों का प्रख्यात वर्णन किया और हमारी आने वाली युवा पीढ़ी को प्रोत्साहित करते हुए बताया कि लोगों को स्वस्थ और गतिशील रखने मे फिजियोथेरेपी का बहुत महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने बताया जब कोई चोट, बीमारी या विकलांगता से प्रभावित होता है तो फिजियोथेरेपी चिकित्सा मरीज को भौतिक उपकरणों और व्यायाम के माध्यम से मरीज के स्वास्थ्य, कार्य क्षमता, सक्रियता, गतिविधि को बहाल करने में मदद करती है। फिजियोथेरेपी भविष्य में संभावित चोट या बीमारी के जोखिम को कम करने में भी मदद कर सकता है।

डा0 एम थंगराज उप-प्रधानाचार्य ने विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के उपलक्ष्य पर छात्रों को संबोधित करते हुए विश्व फिजियोथेरेपी डे की शुभकामनाएं दी और आईटीएस द्वारा इस क्षेत्र मे किये जा रहे कार्य की सराहना की।
फिजियोथेरेपी के छात्रों ने अपनी कुशलता का प्रर्दशन एक सुंदर नृत्य नाटिका के द्वारा किया। आई0टी0एस0 के छात्रों ने रंगोली, क्राफ्ट, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में पूर्ण उत्साह के साथ भाग लिया। छात्रों ने फिजियोथेरेपी के बारे में लोगों को जागरूक करते हुए घर-घर जाकर जागरूकता का अभियान चलाया। डा0 आरपी चड्ढा चेयरमैन एवं अर्पित चड्ढा वाईस चेयरमेन आईटीएस दी- एजूकेशन ग्रुप ने संस्थान के निदेशक, फैकल्टी मेंबर तथा छात्रों को विश्व फिजियोथेरेपी दिवस की बधाई दी तथा भविष्य में इस प्रकार के कार्यक्रम करने के लिये प्रोत्साहित किया।















