लंगस् ऑफ गाजियाबाद: प्रदूषण कम करने के लिए नगर आयुक्त ने रोपित किया पौध

-पौधा रोपित करने से औद्योगिक क्षेत्र की बढ़ेगी सुंदरता, कम होगा प्रदूषण: महेंद्र सिंह तंवर

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा सेवा दिवस के अवसर पर जहां कई कार्यक्रम सफाई के लिए आयोजित किए गए। इसी क्रम में शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए अमृत स्टील कंपाउंड लोहिया नगर में शनिवार को मियावाकी फॉरेस्ट बनाने पर कार्यवाही चल रही है। जिसका शुभारंभ नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने पौधा रोपित कर किया।
उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह ने बताया कि शहर में अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए निगम प्रयासरत है। शहरवासियों से भी यह अपील की गई है कि वह अपने आसपास अधिक से अधिक पौधारोपण करें। जिसमें एनजीओ के माध्यम से भी पौधरोपण का कार्य किया जा रहा है। सेवा दिवस के अवसर पर लोहिया नगर स्थित अमृत स्टील कंपाउंड में पौधारोपण किया गया। जिसमें लगभग 5000 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। ताकि इंडस्ट्रियल एरिया को भी एक स्वच्छ वातावरण में बदला जा सकें। इसके अंतर्गत अन्य कई औद्योगिक क्षेत्रों में भी इसी प्रकार के मियावाकी फॉरेस्ट बनाने पर कार्य किया जा रहा है।

औद्योगिक क्षेत्रों में पौधारोपण प्रत्येक उद्योगपति की जिम्मेदारी
नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए जहां निगम ने उद्यान विभाग को जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। वही उद्योगपतियों को भी शहर की जिम्मेदारी का एहसास दिलाते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए कहा गया है। उद्योगपतियों का आवाहन करते हुए, अपने आसपास पार्कों में औद्योगिक कंपाउंड में अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया। जिससे ना केवल औद्योगिक क्षेत्रों की सुंदरता बढ़ेगी बल्कि निगम को लंगस् ऑफ गाजियाबाद की योजना में सहयोग मिलेगा। इस अभियान के तहत ऐसे स्थानों को चिह्नित किया गया, जहां पर प्रदूषण ज्यादा होता है।

इन स्थानों पर प्रदूषण को कम करने के लिए पौधे लगाए जाएंगे। इसकी शुरुआत भी हो चुकी है। उन्होंने कहा औद्योगिक क्षेत्र में पौधा रोपित करने से जहां औद्योगिक क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी तो वहीं वातावरण भी शुद्ध रहेगा। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी अपना कार्य कर रहे है। वहीं उद्यमियों को भी इस कार्य में सहयोग करना होगा। बिना सहयोग के यह अभियान सफल नही हो सकता। नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर पॉन्ड मैन ने भी पौधे रोपित कर नगर निगम के इस कार्य में अपना सहयोग देने की अपील की।