प्रदेश के पशु धन मंत्री ब्रजघाट गंगानगरी में पहुंचे

योगी और मोदी सरकार की कार्यप्रणाली को जमकर सराहा

कृषि अध्यादेश को पूरी तरह किसान हित में बताया

उपचुनाव वाली सभी सीटों पर पार्टी को जीत मिलने का दावा किया

उदय भूमि ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर।
प्रदेश के पशु धन मंत्री ने ब्रजघाट गंगानगरी में आगमन पर योगी और मोदी सरकार की कार्यप्रणाली की जमकर सराहना करते हुए कृषि अध्यादेश को पूरी तरह किसान हित में बताया। विधानसभा उपचुनाव वाली सभी सीटों पर पार्टी को जीत मिलने का दावा भी किया।योगी सरकार के पशु धन, मत्स्य एवं दुग्ध विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण सिंह बुधवार को ब्रजघाट गंगानगरी में पहुंचे, जिन्होंने इस दौरान पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद से जुड़े श्रीराम आश्रम में जाकर वहां की व्यवस्थाओं के विषय में आश्रम प्रबंधन के साथ लंबी गुफ्तगू की। इस दौरान पत्रकारों से रूबरू होकर मंत्री लक्ष्मीनारायण ने दावा किया कि प्रदेश में जिन सात सीटों पर विधानसभा उपचुनाव होना है, उन सभी पर केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धियों के सहारे पार्टी प्रत्याशियों को जीत मिलनी पूरी तरह तय है।

मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में पारित किया गया कृषि अध्यादेश पूरी तरह किसानों के हित में है, जिसके लागू होने से किसान कोई भी अतिरिक्त टैक्स अदा किए बिना अपने कृषि उत्पाद देश में किसी भी स्थान पर बेच सकेंगे, जबकि बिचौलियों का हस्तक्षेप रुकने से उनकी गाढ़ी कमाई में कोई बंदरबांट संभव नहीं हो पाएगा। मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा आय दोगुनी करने के लिए जो कवायद की जा रही है, उसके तहत लागत घटाकर उत्पादन बढ़ाने साथ ही कृषि उत्पाद की गुणवत्ता में भी बड़े स्तर पर सुधार का प्रयास किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि भारत का दूध और उससे बने उत्पाद अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर दूसरे देशों के सामने नहीं टिक पाते हैं, जिसे देखते हुए प्रधानमंत्री ने देश के प्रत्येक पशु को खुरपका और मुंहपका जैसी बीमारियों से बचाव को टीके लगवाने की योजना चलाई हुई है। हाथरस कांड के विषय में सवाल पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि उक्त मामले की विवेचना देश की सर्वोच्च संस्था सीबीआई कर रही है, इसलिए बहुत जल्द सारी सच्चाई खुलकर सामने आ जाएगी। पराग दुग्ध संघ मुरादाबाद के चेयरमैन प्रदीप चौधरी, अंकुर सिरोही, शरद गर्ग, काविंद्र गिल, राजीव उपाध्याय, विपिन चौधरी समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं ने मंत्री का स्वागत किया।