17 सूत्रीय मांगों को लेकर नगरीय निकाय सेवा अधिकारी व कर्मचारियों ने दिया धरना

लखनऊ। प्रदेश के नगरीय निकाय सेवा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समस्याओं के समाधान को लेकर बुधवार को एक दिवसीय धरना नगरीय निकाय निदेशालय गोमती नगर में दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष पवन ने बताया कि 17 सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना दिया गया। जिसमें अतुल कुमार गुप्ता द्वारा संस्तुत मानक समिति के रिपोर्ट लागू करने, अकेन्द्रियत नियमावली संशोधित कर लागू करने, प्रतिनियुक्तित बंद की जाये, अधिशासी अधिकारी का चार्ज अधिशासी अधिकारी को ही दिया जाए, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक का पदनाम परिवर्तित कर पर्यावरण एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी किया जाए, लिपिक संवर्ग की पदोन्नति अनुभव के अधार पर या विभागीय परीक्षा कराकर अधिशासी अधिकारी के पद पर किया जाए। वर्ष 2012 में निकाले गए आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को सेवा में लिया जाए। वेतन विसंगति को दूर करने, जलकल एवं बिजली कर्मचारियों की पदोन्नति अनुभव के आधार पर उच्च पद पर करने, वेतन की तरह पेंशन को भी ई पेंशन करने, केन्द्रियत तथा अकेन्द्रियत का भेदभाव समाप्त करने, वन सिटी वन ऑपरेटर के लिए की जा रही प्रतिमाह राज्य वित्त आयोग की कटौती समाप्त करने की मांग की गई।

प्रदेश के नगरीय निकायों में कार्यरत कर्मचारी एवं अधिकारी अपने दायित्व का निर्वहन पूर्ण मनोयोग के साथ करते हुए शासन और सेवा संघ के आपसी संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान चाहते है। न कि धरना प्रदर्शन करना चाहते है। लेकिन पिछले 6 माह से अधिकारी एवं कर्मचारियों की समस्या को लेकर कोई भी अभी तक वार्ता नही की गई। शासन के उदासीन रवैये के चलते अधिकारी और कर्मचारी प्रदर्शन करने को मजबूर है। योगी 2.0 सरकार में मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव महोदय को निर्देश दिए थे कि कर्मचारियों की समस्याओं को सुनकर प्रति सप्ताह, माह में बैठक कर समस्याओं का उचित निस्तारण किया जाए। लेकिन अभी तक न तो कोई बैठक की गई और न ही समस्या का समाधान किया गया। नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों में कार्यरत सभी संवर्गों के नियमित लिपिक, राजस्व, सफाई, जलकल, आउटसोर्सिग, संविदा सहित सभी कर्मचारियों एवं अधिशासी अधिकारियों, सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों आदि के सामने समस्याएं है। समस्याओं के निराकरण के लिए मांग-पत्र बराबर प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शन के दौरान हरीशकंर शुक्ला, समीर कश्यप, ओम प्रकाश गुप्ता, कृष्ण मोहन कुशवाहा, सत्यदेव शुक्ल, कुंवर गौरव सिंह, राजीव बालियान समेत सैकड़ो अधिकारी एवं कर्मचारी प्रदर्शन में उपस्थित रहे।