नगर निगम ने स्वच्छता बाइक रैली निकाल लोगों को किया जागरुक

लोगों की जागरूकता से ही शहर बनेगा स्वच्छ व सुंदर: अरुण कुमार यादव

गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ, सुन्दर और स्वस्थ बनाने एवं लोगों को जागरुक बनाने के लिए नगर निगम ने शनिवार को स्वच्छता बाइक रैली का आयोजन किया। जिसमें लगभग 100 बाइक सवारों ने हिस्सा लिया और शहर को स्वच्छता का संदेश दिया। जिसका शुभारंभ अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव तथा अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव ने संयुक्त रुप से द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया।
एसबीएम के नोडल प्रभारी डॉ मिथिलेश ने बताया कि शहर में अधिक से अधिक सफाई के प्रति जन जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। जिसके क्रम में स्वच्छता बाइक रैली का आयोजन भी किया गया। जिससे शहर निवासियों को स्वच्छता के प्रति संदेश दिया गया है।

सभी बाइक सवारों ने स्वच्छता की टी-शर्ट पहनकर ट्रैफिक नियमों के साथ स्वच्छता रैली निकाली। आजादी के अमृत महोत्सव के क्रम में नगर निगम द्वारा आयोजित स्वच्छता बाइक रैली नगर निगम से प्रारंभ होकर रूट के अनुसार सिटी जोन, विजय नगर जोन तथा वसुंधरा जोन होते हुए संपन्न की गई। बाइकों पर सवार युवाओं में स्वच्छता के प्रति जागरूकता को देखा गया। जिससे शहर के निवासियों को खासकर युवाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक होने तथा अन्य लोगों को भी जागरूक करने के लिए संदेश दिया गया। जो की स्वच्छता के प्रति, शहर को स्वच्छ रखने के प्रति, नगर निगम का सराहनीय प्रयास है।

अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव ने कहा इस मुहिम में शहर के युवाओं को जोड़कर प्रमुख बाजार, पर्यटक स्थलों के आसपास की दुकानों व जलाशयों के आसपास के आवासीय व व्यावसायिक क्षेत्र को स्वच्छ बनाने व सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने जन जागरूकता लाने चरणबद्ध तरीके नागरिकों को जागरूकता लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों से घर का कचरा, प्रतिष्ठानों का कचरा सड़क एवं नालियों में ना फेंककर नगर निगम द्वारा संचालित गाडिय़ों को ही देने का भी आह्वान किया।

अपर नगर आयुक्त शिव पूजन यादव ने कहा जिस तरह से हम अपने घर को स्वच्छ रखने में प्रबंधन करते हैं और जिम्मेदारी से काम करते हैं। ठीक उसी तरह शहर को सुंदर व स्वच्छ रखने में भी हमें अपनी जिम्मेदारी को समझना होगा। शहर को स्वच्छ रखने में प्रशासन के साथ ही जनभागीदारी भी बहुत जरूरी है। शहर को स्वच्छ रखने में प्रशासन का सहयोग करें ताकि हमारा शहर स्वच्छ एवं सुंदर बन सकें।