पूर्व पार्षद पर हुई फायरिंग, रंजिश को लेकर दिया वारदात को अंजाम

गाजियाबाद। दीवाली की रात जहां जिले में चारों तरफ पटाखों की गूज सुनाई दे रही थी। वहीं पटाखों की आवाज के बीच घात लगाए बैंठे दो बदमाशों ने पूर्व पार्षद पर गोलिया बरसा दी। जिसके बाद पूर्व पार्षद ने भाग कर अपनी जान बचाई। लेकिन एक गोली उनके जांघ में लग गई और लाइसेंसी असलहे से फायरिंग के बाद बदमाश भाग गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन और पुलिस ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। कवि नगर एसएचओ अमित कुमार ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फार्म हाउस में और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों ी की फुटेज खंगाली जा रही है।

फूल कुंवर का कहना है कि सोमवार को दिवाली की पूजा करने के बाद वह गांव में ही स्थित अपने फार्म हाउस पर आ गए थे। वह मधुमेह से पीडि़त हैं। जिस कारण उन्हें रोजाना शाम को करीब एक से डेढ़ घंटा फार्म हाउस के अंदर ही टहलते है। पहले के दौरान ही वह लघुशंका के लिए शौचालय की ओर जाने लगे तभी यहां दो युवक बैठे थे। दोनों ने उन्हें देखते ही ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उन्होंने दौड़ कर खुद को बचाने का प्रयास किया, मगर एक गोली उनके दाएं पैर की जांघ में लग गई। पीडि़त ने तुरंत अपने परिवार और पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमला किन लोगों ने किया या करवाया, इसका पता नही चल सका है।

फूल कुंवर ने बताया कि दोनों हमलावरों ने अपना सिर व चेहरा गमछा से ढका हुआ था। जिस कारण वह उनका चेहरा देख नही पाए। शुरुआती जांच में मामला रंजिश को लेकर बताया जा रहा है। कवि नगर एसएचओ का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्य के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।