गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र के साउथ साइड औद्योगिक क्षेत्र में गुप्ता मेटल वक्र्स फैक्ट्री में शुक्रवार तड़के हुई डकैती की घटना में फरार चार बदमाशों को विजय नगर पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से पुलिस ने लूट का 28 कट्टा तांबा (1247.144 किलोग्राम), तंमचा, कारतूस एवं घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की अपाचे बाइक बरामद किया गया। वहीं डकैती घटना में शामिल पांच बदमाशों को पुलिस हाल ही में जेल भेज चुकी है।
अपने कार्यालय में मंगलवार को सीओ प्रथम अंशु जैन ने बताया कि सोमवार देर रात विजय नगर थाना प्रभारी अनीता चौहान अपनी टीम इंस्पेक्टर मयंक अरोड़ा, एसआई सरवन गौतम, अनुराग सिंह बिजली घर चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि गुप्ता मेटल वक्र्स फैक्ट्री में हुई डकैती मामले में फरार चार आरोपी डकैती का माल हटाने के लिए नीले रंग की अपाचे बाइक पर सम्राट चौक की तरफ आने वाले है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए तत्काल टीम को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया। तभी चेकिंग के दौरान उक्त बाइक सवार युवकों को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर सजवान नगर की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया तो फिर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर सजवान नगर कच्चे रास्ते डंग्पिग ग्राउड की ओर भागने लगे। जहां उनकी बाइक हड़बड़ाहट में गिर गई।

पुलिस को पास आता देख फिर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से शकील उर्फ साका पुत्र सहसूद्दीन निवासी सैन विहार क्रॉसिंग रिपब्लिक, फुरकान पुत्र जमशेद निवासी ढबारसी मसूरी घायल हो गए। घायल व उनके साथी सोताब पुत्र रोजिन पिवासी सैन विहार, किशन पुत्र अमरदीप पाल निवासी सर्वोदय इण्टर कॉलिज क्रॉसिंग रिपब्लिक को गिरफ्तार कर लिया गया। घायलों को उपचार के लिए विजय नगर के फलोरेस अस्पताल में भर्ती कराया गया। पकड़े गए आरोपियों ने पूर्व में गिरफ्तार अपने पांच साथियों के साथ मिलकर 25 नवंबर की रात को विजय नगर स्थित इण्डस्ट्रीज एरिया गुप्ता मेटल वक्र्स फैक्ट्री में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। फैक्ट्री में वेल्डिंग का काम करने वाले रोहित की सूचना पर गिरोह बनाकर करीब 45 लाख रुपए की डकैती डाली थी। लूट के माल को बेचने के लिए जा रहे थे।
















