सांस्कृतिक कार्यक्रम में छोटे बच्चों ने दिया एकता का संदेश

-आजादी के अमृत महोत्सव पर 23 स्कूलों के 300 बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोहा

गाजियाबाद। आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती पार्क में शनिवार को ट्रांस हिंडन स्कूल एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस समारोह में 23 स्कूलों के करीब 300 बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर बच्चों ने दर्शकों का मन मोहा। बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से एकता और देशभक्ति का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एमएलसी श्रीचंद शर्मा ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह एक अनूठा आयोजन है, जिसमें विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने भागेदारी की, ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा निखरती है और उनमें राष्ट्र प्रेम की भावना विकसित होती है। महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि नींव मजबूर हो तभी इमारत मजबूत बनती है, इन छोटे छोटे बच्चों की प्रतिभा से ही भारत विश्वगुरू बनेगा।

अध्यक्ष सुबोध त्यागी ने मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ट्रांस हिंडन स्कूल एसोसिएशन के अंतर्गत आने वाले स्कूल समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने में बड़ी भूमिका अदा कर रहे हैं। कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक महेंद्र कुमार गर्ग, विनोद त्यागी, महेंद्र त्यागी, अध्यक्ष सुबोध त्यागी, उपाध्यक्ष तुषार सिरोही, सचिव ललित त्यागी, सहसचिव मुकेश त्यागी, उत्तर प्रदेश शिक्षण संस्थान सदस्यता अभियान के प्रमुख राकेश त्यागी, पार्षद कपिल त्यागी और कोषाध्यक्ष अमित शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ललित त्यागी ने किया।

समारोह में ट्रांस हिंडन क्षेत्र के वेदांतम ग्लोबल स्कूल, हैप्पी एकेडमी, प्रगति पब्लिक स्कूल, ओम सनराइज स्कूल, उत्थान पब्लिक स्कूल,आदर्श पब्लिक स्कूल, एमपीएस पब्लिक स्कूल, मिल्टन एकेडमी, जेपीएस पब्लिक स्कूल, रॉबिन्स एकेडमी, यूनाइटेड पब्लिक स्कूल, सर्वोत्तम पब्लिक स्कूल, डाइमंड पब्लिक स्कूल, ईस्ट दिल्ली पब्लिक स्कूल, स्प्रिंगफील्ड पब्लिक स्कूल (वसुंधरा), स्प्रिंगफील्ड पब्लिक स्कूल (शालीमार गार्डन), सनबीम पब्लिक स्कूल, आम्रपाली पब्लिक स्कूल, मदर इंडिया पब्लिक स्कूल, इंडियन चाइल्ड पब्लिक स्कूल और जानकी देवी पब्लिक स्कूल ने भाग लिया।