उदय भूमि ब्यूरो
मोदीनगर। शासन ने 19 अक्टूबर से कक्षा नौ से 12 तक की कक्षाओं की ऑफ लाइन पढ़ाई का निर्देश दिया है। इसे लेकर विद्यालय प्रशासन ने तैयारी पूर्ण कर ली हैं। अब छात्रों के आगमन का इंतजार है। डॉक्टर के एन मोदी साइंस एंड कॉमर्स कॉलेज के प्रधानाचार्य सतीश चंद अग्रवाल ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई हैं। विद्यालयों को सैनिटाइज कराने, सैनिटाइजर, हैंड वॉश, थर्मल स्क्रीनिंग एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ शिक्षक व शिक्षार्थियों के अस्वस्थ होने की दशा में उन्हें विद्यालय से घर वापस भेजने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, प्रवेश तथा छुट्टी के समय विशेष सतर्कता बरतने, विद्यालय को दो पारियों कक्षा 9 व कक्षा 10 तथा कक्षा 11 व कक्षा 12 को अलग-अलग पारियों में चलाने के साथ-साथ माता-पिता की लिखित स्वीकृति के बाद ही 50 प्रतिशत विद्यार्थियों को बुलाने का प्रावधान किया गया है। अग्रवाल ने बताया कि शासन के दिशा निर्देशों के पालन करने के लिए विद्यालय में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई बैठक में कॉलेज के वरिष्ठ प्रवक्ता आरके सिंह, माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष शरद कुमार बाजपेई, प्रयास शर्मा, प्रवीण जेनर, पूनम शाही ,भावना सिंह, टीपी सिह अनिल कुमार, वाईसी शर्मा, राजीव सिंह,गौरव त्यागी, संजीव, राजीव जांगिड़ सुशील हरित व नितिन नेहरा आदि शिक्षक गण उपस्थित रहें।
















